दिल्ली में शॉपिंग करने वालों के लिए एक नई और अनोखी सेवा सामने आई है, जिसने लोगों का ध्यान खींचा है। यह एक स्टार्टअप है, जिसका नाम कैरीमैन (CarryMen) है। कैरीमैन ग्राहकों को बाजार में खरीदारी के दौरान मदद करने के लिए शुरू किया गया है। इस सेवा का उद्देश्य भीड़भाड़ वाले बाजारों में शॉपिंग को आसान, आरामदायक और तनावमुक्त बनाना है।
इस सेवा के तहत प्रशिक्षित असिस्टेंट ग्राहकों के साथ बाजार जाते हैं और उनकी पूरी शॉपिंग में सहायता करते हैं। असिस्टेंट न केवल भारी बैग उठाते हैं, बल्कि दुकानों तक ले जाने, कतार में लगने, सामान खोजने और पार्किंग या मेट्रो गेट तक साथ देने जैसे काम भी करते हैं।
यह भी पढ़ें: 10 दिन में चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, नई दरें जानिए
भीड़भाड़ वाले बाजारों से मिला आइडिया
द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, कैरीमैन की शुरुआत का विचार दिल्ली के मशहूर और भीड़भाड़ वाले बाजारों जैसे लाजपत नगर, सरोजिनी नगर और चांदनी चौक में शॉपिंग के अनुभव से आया। फाउंडर्स का कहना है कि शॉपिंग भले ही मनोरंजक होती है लेकिन भारी बैग और भीड़ के कारण यह काफी थकाने वाली हो जाती है। इसी समस्या को देखते हुए इस सेवा की शुरुआत की गई।
149 रुपये प्रति घंटे में मिलेगी सुविधा
कैरीमैन की इस सर्विस में ग्राहक आधे घंटे, 1, 2, 3 या 4 घंटे का पैकेज बुक कर सकते हैं। आधे घंटे का पैकेज 99 रुपये का है। वहीं 1 घंटे के लिए 149 रुपये, 2 घंटे के लिए 299 रुपये, 3 घंटे के लिए 449 रुपये और 4 घंटे के लिए 599 रुपये देने पड़ते हैं। अभी इस सर्विस का इस्तेमाल ज्यादातर बुजुर्ग लोग, गर्भवती महिलाएं और छोटे बच्चों वाले परिवार कर रहे हैं। इनके लिए शॉपिंग करना अब पहले से काफी आसान हो गया है।
यह भी पढ़ें: यूपी में पांच बिंदुओं को जानने के बाद ही खरीदें संपत्ति, ठगने से बच जाएंगे
कैरीमैन की वेबसाइट के अनुसार, फिलहाल स्टार्टअप ग्राहकों को डिस्काउंट भी दे रहा है। ऑफर के तहत आधे घंटे की सर्विस 79 रुपये में, 1 घंटे की 119 रुपये में, 2 घंटे की 219 रुपये में, 3 घंटे की 319 रुपये में और 4 घंटे वाला पैकेज 399 रुपये में मिल रहा है।
कैरीमैन के अतिरिक्त फीचर्स और विस्तार योजनाएं
कैरीमैन सिर्फ बैग उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्राहकों को आराम देने के लिए कई अतिरिक्त सुविधाएं भी देता है। इसमें कैंपिंग चेयर, छाता, पानी, मोबाइल चार्जिंग और पावर बैंक जैसी सुविधाएं शामिल हैं। हालांकि, एक असिस्टेंट अधिकतम 12 किलो तक ही सामान उठा सकता है, इससे ज्यादा वजन होने पर अतिरिक्त मदद लेनी होती है।
यह भी पढ़ें: सस्ता था कच्चा तेल फिर भी नहीं घटाया था दाम, कंपनियों ने कितने का मुनाफा कमाया?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, स्टार्टअप ने अप्रैल में काम शुरू किया था और पहले ही महीने में 50 से अधिक बुकिंग पूरी कर ली हैं। फिलहाल यह सेवा लाजपत नगर में उपलब्ध है और जल्द ही चांदनी चौक जैसे बड़े बाजारों में विस्तार की योजना है। कंपनी का लक्ष्य है कि शॉपिंग को सिर्फ खरीदारी नहीं, बल्कि एक आरामदायक अनुभव बनाया जाए।