भारत में इलेक्ट्रिक बाइक्स की मांग तेजी से बढ़ रही है, इसका बाजार भी अब तेजी से बढ़ रहा है। पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच लोग बचत के लिए इलेक्ट्रिक स्कूटर और बाइक्स पर अपना भरोसा जता रहा हैं। आंकड़ों के मुताबिक, यह वो सेक्टर है, जो कभी नए स्टार्टअप्स के भरोसे आगे बढ़ रहा था, अब वहां पुराने और भरोसेमंद ब्रांड पूरी मजबूती से अपनी पकड़ बना रहे हैं।
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) में कुल दोपहिया वाहनों की बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी बढ़कर 6.5 फीसदी हो गई। इससे एक साल पहले यानी 2024-25 (FY25) में यह हिस्सेदारी 6.1 फीसदी थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, TVS, बजाज और हीरो जैसी कंपनियां अपनी पुरानी पहचान, डीलर नेटवर्क और सर्विस सेंटर के दम पर आगे बढ़ रही हैं। वहीं, ओला (Ola) जैसी इलेक्ट्रिक वाहन स्टार्टअप कंपनियों को बाजार में अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें: भारतीय बाइक्स की विदेशों में बढ़ी मांग, किन देशों में जापान को दे रहीं टक्कर?
ई-बाइक मार्केट में TVS और बजाज की पकड़
इलेक्ट्रिक टू व्हीलर मार्केट में TVS मोटर ने पहला स्थान हासिल किया है। आंकड़ों के मुताबिक कंपनी ने FY26 में 3,41,513 इलेक्ट्रिक टू व्हीलर बेचे। इसके साथ ही मार्केट में उसकी हिस्सेदारी करीब 24.36 फीसदी रही।
वहीं दूसरी पुरानी कंपनी बजाज ऑटो 2,89,349 गाड़ियों के साथ दूसरे स्थान पर रही। बाजार में उसकी हिस्सेदारी 20.64 फीसदी रही। यानी TVS और बजाज ने मिलकर इलेक्ट्रिक टू व्हीलर मार्केट के करीब 45 फीसदी हिस्से पर कब्जा कर लिया।
अगर इसमें हीरो मोटोकॉर्प को भी जोड़ दें तो इन तीन पुरानी कंपनियों की हिस्सेदारी करीब 55.3 फीसदी हो जाती है। यह दिखाता है कि इलेक्ट्रिक टू व्हीलर मार्केट में पारंपरिक कंपनियों की पकड़ कितनी मजबूत हो रही है। पुरानी कंपनियों पर लोग ज्यादा भरोसा करते नजर आ रहे हैं।
नई कंपनी ओला इलेक्ट्रिक को बड़ा झटका
एक समय इलेक्ट्रिक स्कूटर मार्केट में तेजी से आगे बढ़ने वाली ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) के लिए FY26 अच्छा नहीं रहा। कंपनी के वाहनों का रजिस्ट्रेशन FY25 के 3,44,300 से घटकर FY26 में 1,64,295 रह गया। देखा जाए तो कंपनी की बिक्री में करीब 52.28 फीसदी की गिरावट आई।
इस प्रदर्शन के साथ ओला इलेक्ट्रिक मार्केट में चौथे स्थान पर पहुंच गई। यह आंकड़ा बताता है कि सिर्फ नए मॉडल और शुरुआती लोकप्रियता के दम पर मार्केट में लंबे समय तक अपनी जगह बनाए रखना आसान नहीं है।
एथर एनर्जी ने पुराने खिलाड़ियों को दे रहा टक्कर?
जहां एक तरफ पुरानी कंपनियां इलेक्ट्रिक टू व्हीलर मार्केट में झंडे गाड़ रही हैं। वहीं, दूसरी ओर नई इलेक्ट्रिक टू व्हीलर कंपनियों में एथर एनर्जी (Ather Energy) इन्हें टक्कर देने की पूरी कोशिश कर रही है। आकंड़ों के मुताबिक, कंपनी ने FY26 में 2,39,178 इलेक्ट्रिक इलेक्ट्रिक टू व्हीलर का रजिस्ट्रेशन कराया। इस तरह उसकी बाजार हिस्सेदारी करीब 17.06 फीसदी रही।
ऐसे में देखा जाए तो एथर ने एक साल में अपनी बिक्री में करीब 82 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की। इससे साफ होता है कि इलेक्ट्रिक गाड़ियां बनाने वाली नई कंपनियों के लिए मार्केट में काफी अवसर हैं। हालांकि, फिलहाल ये कंपनियां पुरानी कंपनियों से पीछे ही हैं।
अक्टूबर 2026 के आंकड़े क्या बताते हैं?
अक्टूबर के ताजा आंकड़ों में भी पुरानी कंपनियों की मजबूत स्थिति दिखाई देती है। FADA के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में देश में 2,24,064 इलेक्ट्रिक टू व्हीलर का रिटेल रजिस्ट्रेशन हुआ। इस दौरान TVS मोटर 60,490 इलेक्ट्रिक टू व्हीलर के साथ पहले स्थान पर रही। बजाज ऑटो ने 49,126 और Ather Energy ने 31,833 वाहनों का रजिस्ट्रेशन कराया।
इसके अलावा, बात करें हीरो मोटोकॉर्प की तो इस कंपनी ने भी 29,923 गाड़ियों के साथ चौथे स्थान पर रहा। नई कंपनी ओला केवल 12,098 गाड़ियों के साथ पांचवें स्थान पर रही।
केवल अक्टूबर की बात करें तो TVS की बिक्री पिछले साल के मुकाबले करीब 95 फीसदी बढ़ी, जबकि बजाज की बिक्री में करीब 51 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
दूसरी तरफ, ओला की बिक्री में 26.4 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। ऐसे में देखा जाए तो TVS और बजाज की पकड़ मजबूत बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर Ather और River जैसी कंपनियां भी अपनी जगह बनाने में लगी हैं।