TRAI के नए नियम कैसे बदल देंगे देश का टेलीकॉम गेम? एक-एक बात समझिए
TRAI ने रेफरेंस इंटरकनेक्ट ऑफर के संशोधित नियम जारी किए हैं। ये नियम 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे। क्या बदलेगा, पढ़ें रिपोर्ट।

TRAI के नए नियम 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे। AI इमेज। Photo Credit: ChatGPT
टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने शुक्रवार को दूरसंचार इंटरकनेक्शन (रेफरेंस इंटरकनेक्ट ऑफर) (संशोधन) रेग्युलेशन, 2026 जारी किया है। इन नियमों का मकसद रेफरेंस इंटरकनेक्ट ऑफर (RIO) की मौजूदा व्यवस्था को नया रूप देना है। इसे मौजूदा लाइसेंस और प्राधिकरण व्यवस्था के अनुरूप भी बनाया गया है। ये नियम 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे।
नए नियमों में बाजार में दबदबे (SMP) के निर्धारण, RIO जमा करने और प्रकाशित करने, मॉडल RIO और दिशानिर्देशों तथा इंटरकनेक्शन व्यवस्था को अपडेट किया गया है। नए बदलावों के मुताबिक अब अगर नियम तोड़े गए तो तगड़ा आर्थिक जुर्माने लग सकता है।
यह भी पढ़ें: टेलीकॉम सेक्टर में 92.5% बाजार निजी हाथों में, PSU हाशिए पर क्यों?
RIO क्या है?
रेफरेंस इंटरकनेक्ट ऑफर (RIO) एक समझौता है, जिसे बड़ी टेलीकॉम या ब्रॉडकास्टिंग कंपनियां अपनी सेवाएं और नेटवर्क दूसरी कंपनियों के साथ साझा करने के लिए सार्वजनिक रूप से जारी करती हैं। इसमें रेट, नियम और तकनीकी शर्तें पहले से तय होती हैं। इसका मकसद यह होता है कि कोई भी दूसरी कंपनी बिना भेदभाव और लंबी बातचीत के उनके नेटवर्क या चैनलों से जुड़ सके। इसे TRAI भारत में नियंत्रित करती है।
इंटरकनेक्शन क्या होता है?
इंटरकनेक्शन का मतलब उन व्यावसायिक और तकनीकी इंतजामों से है, जिनके जरिए अलग-अलग दूरसंचार कंपनियां अपने नेटवर्क आपस में जोड़ती हैं। इससे एक कंपनी का उपभोक्ता दूसरी कंपनी के उपभोक्ताओं, सेवाओं और नेटवर्क तक पहुंच पाता है। TRAI अधिनियम, 1997 की धारा 11(1)(b) के तहत इंटरकनेक्शन की शर्तें तय करना TRAI की जिम्मेदारी है।
नियम क्यों बदले गए?
जुलाई 2002 जो नियम लागू हुए थे, नए नियम उनसे अलग हैं। नए संशोधन का मकसद पारदर्शी, भेदभावरहित और मानक शर्तें तय करने वाले नियमों को लागू कराना है। नियम उन कंपनियों के लिए खास तौर पर लागू होंगे, जिनका बाजार में दबदबा है।
साल 2002 से अब तक टेलीकॉम सेक्टर में बड़ा बदलाव हुआ है। पुराने और पारंपरिक नेटवर्क सिस्टम की जगह अब तेज और आधुनिक इंटरनेट-आधारित (IP) नेटवर्क आ गए हैं। साथ ही, अब विभिन्न टेलीकॉम सर्किलों (LSA) के स्तर पर भी सीधे नेटवर्क कनेक्शन शुरू हो गए हैं।
नियमों में बदलाव की प्रक्रिया कैसी रही?
नियमों में बदलाव की यह प्रक्रिया 3 अप्रैल 2025 को TRAI के शुरुआती प्रस्ताव के साथ शुरू हुई। 10 नवंबर 2025 को मुख्य परामर्श पत्र जारी हुआ, जिस पर सुझाव भेजे गए। इसमें कुल 17 पक्षों ने सुझाव और 9 ने जवाब दिए। आखिरकार 28 जनवरी 2026 को हुई खुली चर्चा के बाद TRAI ने इन संशोधित नियमों पर अंतिम मुहर लगा दी।
यह भी पढ़ें: टेलीकॉम कंपनियों पर TRAI सख्त! ग्राहकों को देने होंगे बिना डेटा वाले रिचार्ज
किस कंपनी को माना जाएगा बाजार में दबदबे वाला?
अब कोई सर्विस प्रोवाइडर, 'सिग्निफिकेंट मार्केट पॉवर' (SPM) वाला माना जाएगा, जब किसी लाइसेंस या अथॉरिटी वाले सेवा क्षेत्र में चार पैमानों में से एक या ज्यादा में उसकी हिस्सेदारी 30 प्रतिशत या उससे अधिक हो। ये 4 पैमाने कुल रेवेन्यू, ग्राहकों की संख्या, नेटवर्क की वॉइस कॉल संभालने की क्षमता और ट्रैफिक की मात्रा हैं।
TRAI की भूमिका क्या होगी?
TRAI हर सर्कल में 4 प्रमुख सेवाओं, वायरलाइन, वायरलेस, नेशनल और इंटरनेशनल लॉन्ग डिस्टेंस के लिए बाजार में दबदबा रखने वाली बड़ी कंपनियों (SMP) की पहचान करेगा। यह फैसला कंपनियों के पिछले वित्त वर्ष के के आंकड़ों के आधार पर होगा।
इसे ऐसे समझ सकते हैं TRAI से किसी को SMP का दर्जा तब मिलेगा, जब किसी कंपनी के पास 31 मार्च तक ग्राहकों की संख्या, मार्च में कॉल ट्रैफिक और कंपनी की कुल कमाई (AGR) के आधार पर हर साल पहली तिमाही के बाद, नियमों पर खरे उतरेंगे। एक बार किसी कंपनी को यह दर्जा मिल गया तो वह पूरे साल नहीं बदलेगा और तब तक लागू रहेगा जब तक TRAI खुद इसमें बदलाव न करे।
RIO जमा करने और प्रकाशित करने की समयसीमा क्या है?
SMP का दर्जा पाने वाले SMP को 30 दिन के भीतर अपना RIO मंजूरी के लिए TRAI को देना होगा। मंजूरी के 15 दिन के भीतर उसे अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित करना होगा। अगर TRAI RIO में बदलाव का निर्देश दे तो संशोधित RIO 15 दिन में जमा करना होगा। मंजूरी के बाद उसे भी 15 दिन में प्रकाशित करना होगा। TRAI के मुताबिक इससे नई कंपनियों को नेटवर्क इंटरकनेक्शन की योजना बनाने और बातचीत शुरू करने में बेवजह देरी नहीं होगी।
यह भी पढ़ें: रीचार्ज खत्म होने पर इनकमिंग क्यों बंद? राघव चड्ढा ने टेलीकॉम कंपनियों को घेरा
इंटरकनेक्शन समझौते में क्या बदलेगा?
इंटरकनेक्शन समझौते प्रकाशित RIO के अनुसार होंगे। सेवा प्रदाता आपसी सहमति से समझौते के समय RIO की शर्तों में बदलाव कर सकेंगे। TRAI का कहना है कि प्रकाशित RIO सबके लिए खुला और भेदभावरहित आधार देगा, जबकि आपसी सहमति से बदलाव की छूट से बातचीत का समय और ऑपरेटरों के बीच विवाद कम हो सकते हैं।
नियम तोड़ने पर क्या होगा?
RIO जमा करने, उसमें बदलाव करने, उसे प्रकाशित करने और SMP तय करने के लिए आंकड़े देने से जुड़े प्रावधानों के उल्लंघन पर आर्थिक जुर्माने की व्यवस्था की गई है। हर सेवा क्षेत्र में हर उल्लंघन के लिए जुर्माने की एक अधिकतम सीमा तय होगी।
जुर्माना लगाने से पहले सेवा प्रदाता को अपना पक्ष रखने का उचित मौका मिलेगा। इस ढांचे में थोड़ी देरी और लंबे समय तक नियम न मानने के मामलों में फर्क किया गया है। TRAI का कहना है कि इससे समय पर सुधार को बढ़ावा मिलेगा और कार्रवाई संतुलित और निष्पक्ष रहेगी।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




