logo

मूड

ट्रेंडिंग:

प्याज ने रुलाया, आलू ने संभाला, शहरों से ज्यादा महंगाई से परेशान गांव के लोग

अक्टूबर में प्याज की महंगाई 116 प्रतिशत से ऊपर रही और आलू 14 प्रतिशत सस्ता हुआ। गांवों में महंगाई 6.63 प्रतिशत रही है जो शहरों से ज्यादा है।

प्याज संभालता किसान। Photo Credit: PTI

प्याज संभालता किसान। Photo Credit: PTI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

अक्टूबर 2026 में रसोई का बजट प्याज ने सबसे ज्यादा बिगाड़ा। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़े बताते हैं कि प्याज की महंगाई 116.22 फीसदी रही। सितंबर में यह आंकड़ा 108.13 फीसदी तक था। प्याज एक साल पहले के मुकाबले दोगुने से ज्यादा महंगा रहा। दूसरी तरफ आलू के दाम सालाना आधार पर 14.24 फीसदी घटे, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली है। आलू के दाम स्थिर हैं।

खुदरा महंगाई पर इसका असर गांवों में ज्यादा दिखा। अक्टूबर में ग्रामीण इलाकों में महंगाई 6.63 फीसदी रही, जबकि शहरों में 5.41 फीसदी। खाद्य महंगाई भी गांवों में 9.09 फीसदी रही। शहरों में यह 8.68 फीसदी दर्ज हुई। देश भर में खुदरा महंगाई 6.09 फीसदी और खाद्य महंगाई 8.94 फीसदी रही।

यह भी पढ़ें: 'मोदी बताएं बेरोजगारी-महंगाई कब खत्म होगी', PM पर भड़के तेजस्वी यादव

गांव और शहर के बीच गहरी है महंगाई की खाई?

सितंबर के मुकाबले अक्टूबर में गांवों की महंगाई 6.08 फीसदी से बढ़कर 6.63 फीसदी हो गई है। शहरों में यह  दर 4.88 फीसदी से बढ़कर 5.41 फीसदी हो गई है। गांवों में खाद्य महंगाई सितंबर के 8.06 फीसदी से बढ़कर 9.09 फीसदी पर पहुंच गई है। शहरों में यह दर 7.18 फीसदी से बढ़कर 8.68 फीसदी हो गई है। दोनों जगह कीमतें बढ़ीं लेकिन गांवों में खाने-पीने की महंगाई का आंकड़ा शहरों से ऊंचा रहा।

 

फर्क सिर्फ खाने-पीने तक सीमित नहीं है। आंकड़ों में गिनाई गई 12 श्रेणियों में से 9 में ग्रामीण महंगाई शहरी महंगाई से ज्यादा रही। इनमें खाद्य और पेय, कपड़े-जूते, आवास और ईंधन, परिवहन, सूचना और संचार, और रेस्तरां शामिल हैं। सेल्फ केयर अलग दूसरे सामानों में ग्रामीण महंगाई 10.84 फीसदी रही, जबकि शहरों में 9.24 फीसदी। स्वास्थ्य, शिक्षा और पान-तंबाकू में शहरों में महंगाई थोड़ी ज्यादा रही।

प्याज के साथ लहसुन, अदरक और नींबू भी महंगे

प्याज अकेले महंगा नहीं हुआ है। लहसुन की महंगाई 60.74 फीसदी रही। सितंबर में यह 54.62 फीसदी थी। अदरक की महंगाई 48.32 फीसदी रही। नींबू में यह सितंबर के 36.41 फीसदी से बढ़कर 47.30 फीसदी हो गई। चांदी के गहनों में भी महंगाई 52.39 फीसदी दर्ज हुई, हालांकि सितंबर में यह दर 87.82 फीसदी थी।

यह भी पढ़ें: 'महंगाई डायन नहीं अब महारानी हो गई', BJP पर बरसे तेजस्वी यादव

आलू और सब्जियों से मिली राहत

आलू का बाजार में कमजोर रहना आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। सितंबर में आलू के दाम 11.52 फीसदी नीचे थे, अक्टूबर में गिरावट बढ़कर 14.24 फीसदी हो गई। कई और सब्जियां भी सस्ती रहीं। फूलगोभी में 10.57 फीसदी, बैंगन में 3.34 फीसदी और पत्तागोभी में 1.92 फीसदी की गिरावट आई। नारियल भी 5.60 फीसदी सस्ता रहा। इनके बावजूद कुल खाद्य महंगाई 8.94 फीसदी के ऊंचे स्तर पर बनी रही।

राज्यों में महंगाई को लेकर तस्वीर क्या हैं?

राज्यों में ज्यादा महंगाई दर तमिलनाडु में 7.29 फीसदी दर्ज हुई। इसके बाद तेलंगाना में 7.26 फीसदी और आंध्र प्रदेश में 7.25 फीसदी रही। उत्तर प्रदेश में ग्रामीण महंगाई 7.20 फीसदी और शहरी 4.88 फीसदी रही। यहां गांव और शहर का फर्क बड़ा दिखा। बिहार में ग्रामीण महंगाई 5.79 फीसदी और शहरी 5.18 फीसदी रही है।


और पढ़ें