पिछले दो हफ्तों के भीतर डीजल-पेट्रोल के दाम में 4 बार इजाफा किया जा चुका है। इसके कुछ दिन पहले ही भारत के पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा था कि तेल कंपनियों को हर दिन कम से कम हजार करोड़ का नुकसान हो रहा था। उनके इसी बयान के कुछ दिन बाद ही तेल के दाम बढ़ने शुरू हो गए। अब आखिरी क्वार्टर यानी जनवरी से मार्च का डेटा बता रहा है कि भारत की प्रमुख तेल कंपनियों ने 3 महीने में 19470 करोड़ का मुनाफा कमाया है। इसका मतलब है कि तीनों प्रमुख कंपनियों को मिलाकर हर दिन लगभग 216 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है।
भारत में सरकारी हिस्सेदारी वाली प्रमुख कंपनियां इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम हैं। 90 प्रतिशत मार्केट इन्हीं के पास है यानी भारत में 90 प्रतिशत तेल यही कंपनियां बेचती हैं। आपको भी अक्सर इन्हीं कंपनियों के पेट्रोल पंप मिल जाते हैं। कच्चे तेल की बढ़ी कीमतों, ईरान पर इजरायल और अमेरिका पर हमले के बावजूद इन कंपनियों को जबरदस्त फायदा हुआ है। हालांकि, यह देखना जरूरी है कि ईरान पर इजरायल और अमेरिका ने फरवरी के आखिर में हमला किया था और ये आंकड़े 31 मार्च तक के हैं। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने तेल कंपनियों के नुकसान की बात मई महीने के दूसरे हफ्ते में की थी यानी दोनों के समय में काफी अंतर है।
यह भी पढ़ें: 10 दिन में चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, नई दरें जानिए
कितना हुआ मुनाफा?
यहां यह समझना जरूरी है कि 28 फरवरी को ईरान पर हमला होने से पहले एक बैरल कच्चे तेल की कीमत 72 डॉलर थी जो हमले के बाद यानी 9 मार्च को 120 डॉलर तक पहुंच गई। अब इसमें थोड़ी कमी आने लगी है और कच्चे डॉलर की कीमत फिर से 100 डॉलर के नीचे आ गई है। अगर इन तीन प्रमुख कंपनियों को देखें तो 2024-25 में इन कंपनियों ने 33601.57 करोड़ और 2025026 में 77,280.65 करोड़ का मुनाफा कमाया था। तब कच्चा तेल सस्ता था लेकिन भारत में तेल के दाम कम नहीं किए गए थे।
अब अगर आखिरी क्वार्टर की बात करें तो हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने बताया है कि उसे 4901.50 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। पिछले साल इसी क्वार्टर यानी चौथे क्वार्टर में उसका मुनाफा 3355 करोड़ रुपये का था। पूरे साल की बात करें तो 2025-26 में हिंदुस्तान पेट्रोलियम को 17175.23 करोड़ का मुनाफा हुआ है और यह पिछले साल के 7365 करोड़ से 133.2 प्रतिशत ज्यादा है।
यह भी पढ़ें: सस्ता था कच्चा तेल फिर भी नहीं घटाया था दाम, कंपनियों ने कितने का मुनाफा कमाया?
इसी तरह सबसे बड़ी कंपनी इंडियन ऑयल ने जनवरी से मार्च के बीच 11377 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। साल भर में उसका मुनाफा 36802.42 करोड़ का रहा जबकि पिछले साल उसका मुनाफा 12961.57 करोड़ रुपये का ही था। भारत पेट्रोलियम के मुनाफे में पिछले साल की तुलना में 75.54 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। पिछले साल उसका मुनाफा 13275 करोड़ था जो इस साल बढ़क 23303 करोड़ हो गया है। जनवरी से मार्च के बीच ही उसे 3191 करोड़ का मुनाफा हुआ है।
हालांकि, यह भी कहा जा रहा है कि कंपनियों को नुकसान की शुरुआत अप्रैल महीने से शुरू है। ऐसे में 2026-27 के पहले क्वार्टर में नुकसान के आंकड़े दिखने की संभावना जताई जा रही है।