हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने 18 जून 2026 को HSSC ग्रुप D भर्ती 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों में ग्रुप D पदों को कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) के जरिए भरा जाएगा। यह अवसर उन युवाओं के लिए खास माना जा रहा है जो लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं। इस भर्ती के लिए 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
आयोग ने साफ किया है कि इस भर्ती में कितने पद होंगे और किस-किस कैटेगरी में होंगे, इसका अभी तक कोई फाइनल फैसला नहीं हुआ है। ये जानकारी जल्द ही ऑफिशियल वेबसाइट पर डाल दी जाएगी। फिलहाल उम्मीदवारों को सिर्फ नोटिफिकेशन के हिसाब से अपना आवेदन पूरा करना है।
यह भी पढ़ें: रेलवे, सेना और SSC की नौकरी चाहिए तो आज ही जान लीजिए सब कुछ
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया कब शुरू होगा?
आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक, इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुक्रवार, 19 जून 2026 से शुरू होने जा रही है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 3 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना एप्लीकेशन फॉर्म ऑनलाइन सबमिट कर सकते हैं। इसके बाद आवेदन शुल्क जमा करने के लिए उम्मीदवारों को 6 जुलाई 2026 तक का समय दिया गया है। यदि फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों से कोई गलती हो जाती है तो उसे सुधारने के लिए 7 जुलाई से 9 जुलाई 2026 तक 'करेक्शन विंडो' भी ओपन रहेगी।
योग्यता और उम्र सीमा
इस भर्ती में चयन पूरी तरह CET स्कोर के आधार पर होगा, यानी इसी के नंबर से मेरिट बनेगी। इसमें अलग से कोई मुख्य परीक्षा नहीं होगी। परीक्षा का लेवल 10वीं कक्षा के हिसाब से रखा गया है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसमें शामिल हो सकें। योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार का कम से कम 10वीं पास होना जरूरी है और उसके पास हिंदी या संस्कृत विषय होना चाहिए। हालांकि स्वीपर और चौकीदार जैसे कुछ पदों के लिए यह शर्त लागू नहीं होगी। आयु सीमा 18 से 42 साल तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकार के नियमों के अनुसार उम्र में छूट भी मिलेगी।
यह भी पढ़ें: NEET 2026 री-एग्जाम का एडमिट कार्ड जारी, कैसे करें डाउनलोड? यहां जानिए
HSSC ग्रुप D भर्ती 2026 के लिए आवेदन कैसे करें?
उम्मीदवार सिर्फ ऑनलाइन मोड से ही आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करें:
- सबसे पहले ऑफिशियल वन टाइम रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर जाएं: onetimeregn.haryana.gov.in
- अगर आप नए यूजर हैं तो पहले अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करें
- फिर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड डालकर लॉगिन करें
- अब अपनी पर्सनल और एजुकेशनल डिटेल्स ध्यान से भरें
- जरूरी डॉक्यूमेंट्स, फोटो और सिग्नेचर अपलोड करें
- फॉर्म सबमिट करने से पहले सारी जानकारी अच्छे से चेक कर लें
- फिर ऑनलाइन मोड से आवेदन शुल्क का भुगतान करें
- आखिर में फॉर्म सबमिट करें और उसकी एक कॉपी डाउनलोड करके अपने पास रख लें