उत्तर प्रदेश के में सरकारी टीचर बनने वाले लोगों के लिए रास्ता साफ हो गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रशिक्षित स्नातक सहायक अध्यापक (TGT) के खाली पड़े पदों को भरने के लिए विज्ञापन संख्या 07/2026 जारी कर दिया है। इस बार कुल 17,735 पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इस बार आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले 'वन टाइम रजिस्ट्रेशन' (OTR) की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद ही ऑनलाइन फॉर्म भरा जा सकेगा। इस भर्ती के लिए परीक्षा का आयोजन इसी साल दिसंबर महीने में किया जाएगा।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार और उप सचिव संजय कुमार सिंह की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और आसान बनाने के लिए 'वन टाइम रजिस्ट्रेशन' (OTR) की व्यवस्था अनिवार्य की गई है। आयोग ने साफ किया है कि हर उम्मीदवार को OTR प्रक्रिया पूरी करनी ही होगी।
यह भी पढ़ें: 100 में 0.55 नंबर पाने वाले भी देंगे मेन्स परीक्षा, कहां हो रही ऐसी भर्ती?
OTR प्रक्रिया अनिवार्य
आयोग का कहना है कि टीजीटी के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने से पहले सभी को OTR प्रक्रिया पूरी करनी ही होगी। इसके बिना अप्लाई नहीं किया जा सकता है। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपने जरूरी पेपर और जानकारी पहले से तैयार रखें ताकि फॉर्म भरते समय किसी तरह की परेशानी न हो।
एग्जाम से संबंधित जरूरी तारीख
- ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तारीख- 24 अक्टूबर 2026
- अप्लाई करने का आखिरी तारीख-23 नवंबर 2026
- फॉर्म में करेक्शन करने की अंतिम तारीख- 26 नवंबर 2026
- परीक्षा की तारीख- 23 और 24 दिसंबर 2026
आयोग ने परीक्षा की तारीखें भी घोषित कर दी हैं, जिसके अनुसार परीक्षा 23 और 24 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद परीक्षा के लिए बहुत ज्यादा समय नहीं बचेगा, इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे फॉर्म भरने के साथ-साथ अपनी पढ़ाई और तैयारी पर भी पूरा ध्यान दें।
सभी विषयों में कितने पद?
- हिंदी: 2,791 पद
- इंग्लिश: 2,517 पद
- सोशल साइंस: 2,482 पद
- साइंस: 2,493 पद
- मैथ्स: 2,349 पद
- संस्कृत: 1,289 पद
- फीजिकल स्टडी: 849 पद
- होम साइंस: 798 पद
- पेंटिंग: 775 पद
- बॉयोलोजी: 660 पद
यह भी पढ़ें: रेल क्लर्क से मालगाड़ी मैनेजर तक, 3548 पदों पर निकली भर्ती; पाने का तरीका जानिए
योग्यता, पात्रता की शर्तें, एप्लीकेशन फी और अन्य सभी दिशा-निर्देशों से जुड़ी पूरी जानकारी के लिए उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ सकते हैं।