उत्तर प्रदेश पुलिस में नौकरी करने का सपना देख रहे युवाओं के पास पुलिस में भर्ती होने का सुनहरा मौका है। उत्तर प्रदेश पुलिस रिक्रूटमेंट एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) की ओर से यूपी पुलिस एसआई, प्लाटून कमांडर पदों पर भर्ती चल रही है। इस भर्ती के लिए आवेदन करने की लास्ट डेट आज यानी 11 सितंबर है। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक इस भर्ती के लिए अप्लाई नहीं किया है, वे आज ही अपना फॉर्म भर लें। इस भर्ती के जरिए कुल 4,543 पदों को भरा जाएगा। उत्तर प्रदेश के लाखों युवा इस भर्ती के लिए तैयारी कर रहे हैं।
इस भर्ती के लिए UPPRPB की आधिकारिक वेबसाइट pbpb.gov.in पर जाकर फॉर्म भरा जा सकता है। इस भर्ती के लिए 400 नंबरों की लिखित परीक्षा होगी। लिखित परीक्षा में आपसे 160 प्रश्न किए जाएंगे जिनके लिए आपको 2 घंटे का समय दिया जाएगा। लिखित परीक्षा का पैटर्न और सिलेबस आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया गया है। इस भर्ती में उम्मीदवारों को 3 साल की छूट दी गई है। छूट मिलने के बाद अनारक्षित कैटेगरी में 02-07-1994 से 01-07-2004 के बीच पैदा हुए उम्मीदवार अप्लाई कर पाएंगे।
यह भी पढ़ें-- फिर आया UP पुलिस में दरोगा बनने का मौका, 4543 पदों पर होगी भर्ती
कैसे करें तैयारी?
इस भर्ती के लिए अगर आप तैयारी कर रहे हैं तो आपको समय को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी करनी होगी। भर्ती परीक्षा का लिखित पेपर पास करने पर ही अगले चरण में जाने का मौका मिलेगा। इस भर्ती के लिखित एग्जाम में सामान्य हिंदी, संविधान और जनरल नॉलेज, मेंटल एप्टीट्यूड और न्यूमेरिकल और मेंटल एबिलिटी से जुड़े सवाल किए जाएंगे। इन सभी की तैयारी आपको करनी होगी।
आपको बता दें कि पूरा सिलेबस देखने के बाद आप खुद अपने नोट्स तैयार कर सकते हैं। साथ ही आप यूट्यूब या किसी अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से भी मदद ले सकते हैं। जनरल नॉलेज और करंट अफेयर के लिए डेली न्यूज पेपर पढ़ा जा सकता है।
कानून से जुड़े मामलों को पढ़ें
पुलिस विभाग का काम कानून से जुड़ा होता है इसलिए भर्ती परीक्षा में इससे जुड़े सवाल भी पूछे जाते हैं। ऐसे में कानून और इससे जुड़े करंट टॉपिक ध्यान से पढ़ें। न्यूजपेपर पढ़ने से आपको इस समय चर्चा में रहे कानूनों और इनसे जुड़े मामलों की जानकारी रहेगी। आपको इनसे जुड़े कानूनों की बारीकी समझनी होगी और परीक्षा के लिए इसी से संबंधित तैयारी करनी होगी। इसके साथ ही अन्य विषयों पर भी पूरा ध्यान देना जरूरी है क्योंकि अगर मेरिट में आना है तो हर विषय में अच्छा स्कोर होना जरूरी है।
यह भी पढ़ें-- UP में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती: तैयारी से पढ़ाई तक, सब जानिए
पुराने पेपर और मॉक टेस्ट
किसी भी भर्ती परीक्षा के लिए तैयारी को दिशा देने में पिछले सालों के पेपर अहम भूमिका निभाते हैं। अब तक हुई भर्ती के अनसोल्वड पेपर मार्केट से खरीदकर या ऑनलाइन डाउनलोड करके आप उनकी प्रैक्टिस कर सकते हैं। इससे आपको अपनी तैयारी की स्पीड का पता चलेगा और किन विषयों पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है यह भी पता चलेगा। पुराने पेपर के अलावा आप मॉक टेस्ट भी दे सकते हैं। इनसे भी आपको काफी मदद मिल सकती है। हालांकि, मॉक टेस्ट तभी देने का फायदा है जब आपने एक बार सारे विषय पढ़ लिए हों।
टाइम मैनेजमेंट पर दें ध्यान
इस परीक्षा में उम्मीदवारों को 120 मिनट यानी दो घंटों में 160 प्रश्नों को हल करना होगा। कई उम्मीदवारों के लिए यह समय पर्याप्त नहीं होता, जिसके चलते प्रश्नों का उत्तर जानने के बावजूद वे उनको हल नहीं कर पाते। ऐसे में टाइम मैनेजमेंट आपके लिए जरूरी है। पुराने पेपर और मॉक टेस्ट की प्रैक्टिस करते हुए टाइम का ध्यान रखें। अगर आपकी स्पीड कम है तो आप स्पीड बढ़ाने पर ध्यान दें।
यह भी पढ़ें-- अग्निवीर बन गए लेकिन 4 साल बाद क्या? जानिए कहां और कैसे मिलेगी नौकरी
फिजिकल की तैयारी भी जरूरी
यूपी एसआई भर्ती के लिए लिखित परीक्षा पास करना जरूरी है। ज्यादातर युवा लिखित परीक्षा के तैयारी में इतने खो जाते हैं कि वह भूल जाते हैं कि लिखित परीक्षा के बाद उन्हें फिजिकल भी पास करना है। फिजिकल एग्जाम में युवा इसी वजह से असफल हो जाते हैं क्योंकि वह सिर्फ लिखित परीक्षा पर ही ध्यान देते हैं। इस वजह से युवा लिखित परीक्षा पास करने के बाद फिजिकल में रह जाते हैं। इसलिए लिखित परीक्षा के साथ-साथ फिजिकल की भी तैयारी करें।