मुंबई इंडियंस के खिलाफ 185 रन का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने अच्छी शुरुआत की। प्रियांश आर्या और जॉश इंग्लिस की धुआंधार बल्लेबाजी के सामने मुंबई के गेंदबाजों की एक नहीं चली। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला पंजाब के पक्ष में गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 185 रन लक्ष्य दिया। जवाब में पंजाब ने 18वें ओवर की तीसरी गेंद में मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से रौंद डाला।
प्वाइंट टेबल पर 19 अंकों के साथ पंजाब किंग्स टॉप पर पहुंच चुकी है। पंजाब किंग्स को 34 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा था। इसके बाद प्रियांश आर्या और जॉस इंग्लिश की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ने मुंबई के गेंदबाजों की कमर तोड़ दी। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 109 रन की शानदार साझेदारी की। कप्तान श्रेयश अय्यर ने दो छक्कों और एक चौके की मदद से 16 गेंदों में 26 रन की पारी खेलकर पंजाब को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। नेहाल वढेरा ने 2 गेंदों पर 2 रन की नाबाद पारी खेली।
इंग्लिस ने खेली धुआंधार पारी
मुंबई इंडियंस के खिलाफ जॉश इंग्लिस ने धुआंधार पारी खेली। उन्होंने 42 गेंदों में 73 रन बनाए। अपनी ताबड़तोड़ पारी में 9 चौकों और तीन छक्कों की मदद से मैदान में सनसनी मचा दी। 171 के स्कोर पर मिचेल सेंटनर ने इंग्लिस को पवेलियन भेजा।
पहला विकेट: पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर जसप्रीत बुमराह को प्रभसिमरन सिंह के रूप में पहली सफलता मिली। तब तक टीम का स्कोर 34 रन तक पहुंच गया था। प्रभसिमरन सिंह ने 16 गेंदों में 13 रन की पारी खेली। 10 ओवर के बाद मुंबई इंडियंस ने दो विकेट के नुकसान पर 83 रनों का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में पंजाब किंग्स ने एक विकेट खोकर 89 रन स्कोरबोर्ड पर जड़ डाले।
दूसरा विकेट: 14.1 ओवर में पंजाब किंग्स को प्रियांश आर्या के रूप में दूसरा झटका लगा। मगर तब तक वे टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा चुके थे। आर्या ने 35 गेंदों का सामना किया और 9 चौकों और दो छक्कों की मदद से ताबड़तोड़ 62 रनों की पारी खेली।
तीसरा विकेट: पंजाब किंग्स को 17 ओवर की तीसरी गेंद पर तीसरा झटका लगा। मुंबई इंडियंस के गेंदबाज मिचेल सेंटनर ने जॉश इंग्लिस को पवेलियन भेजा। इंग्लिस ने 42 गेंदों में 72 रन की आतिशी पारी खेली।
मुंबई की गेंदबाजी: मुंबई के गेंदबाजों ने बेहद आसान गेंदबाजी की। वे पूरी पारी में पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों पर हावी होने में नाकाम रहे। उल्टा पंजाब के बल्लेबाजों ने धुआंधार पारी खेलकर मुंबई के गेंदबाजों पर भारी दबाव बनाया। जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 23 रन देकर सिर्फ एक सफलता हासिल की। दीपक चाहर ने अपना पहला ओवर मेडन किया। मगर बाद में दो ओवर में 28 रन दे डाले। मैच का यही टर्निंग प्वाइंट रहा। मिचेल सेंटनर ने 4 ओवर में दो विकेट झटके। मगर 41 रन के साथ वे मंहगे साबित हुए। बुमराह और सेंटनर के अलावा कोई भी गेंदबाज विकेट लेने में सफल नहीं रहा।
पंजाब की गेंदबाजी: पंजाब की तरफ से अर्शदीप सिंह ने सबसे बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट झटके। मार्को यान्सान ने 34 और विजयकुमार ने 44 रन देकर दो-दो विकेट अपने नाम किए। हरप्रीत बराड़ ने 4 ओवर में 36 रन दिए और उन्हें एक ही विकेट से संतोष करना पड़ा।