पश्चिम बंगाल के आसनसोल में गुरुवार को वोटिंग के दौरान भारतीय जनता पार्टी की नेता और उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल की कार पर हमला हुआ। रहमतनगर इलाके में उनकी कार के पिछले हिस्से पर बड़ा पत्थर फेंका गया, जिससे कार का शीशा टूट गया। कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
अग्निमित्रा पॉल उस समय कार में बैठी हुई थीं। उन्होंने बताया कि इस हमले में वह तो बच गईं, सुरक्षाकर्मी भी बचने में कामयाब रहा लेकिन लेकिन उनकी सेक्रेटरी को हल्की चोट आई है। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से हम बच गए, लेकिन यह घटना बार-बार हो रही है।
यह भी पढ़ें: Live: तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में वोटिंग जारी, पढ़ें हर जरूरी अपडेट
'अल्पसंख्यकों से बेहतर रिश्ते किसके, हमें मालूम है'
अग्निमित्रा पॉल ने कहा, 'मेरे कार पर हमला किया गया है, इसे तबाह किया गया है। मैं रहमत नगर गई था, यह इलाका अल्पसंख्यक बाहुल है। मेरी कार पर एक बड़ा सा पत्थर फेंका गया। मेरे कार का पिछला हिस्सा टूट गया। खिड़कियां टूट गईं। भगवान की कृपा मैं जिंदा बच गई, न ही मुझे, न ही मेरे सुरक्षाकर्मियों को नुकसान नहीं पहुंचा। सिक्रेट्री को चोटें आईं हैं। इसे सहना नहीं चाहिए।'
अग्निमित्रा पॉल, बीजेपी उम्मीदवार, दक्षिण आसनसोल:-
ऐसे ही हमले होते रहे हैं। आप आसान से समझ सकते हैं कि ये लोग कौन है। अल्पसंख्यकों से बेहतर रिश्ते किसके हैं, यह बात हर किसी को मालूम है।
किसे जिम्मेदार बता रही हैं अग्निमित्रा?
अग्निमित्रा पॉल ने यह आरोप लगाया है कि यह घटना अल्पसंख्यक बहुल इलाके में हुई है और इसमें TMC की मिलीभगत हो सकती है। उन्होंने कहा, 'TMC का अल्पसंख्यक समुदाय के साथ अच्छा रिश्ता है। अब मुस्लिम भाई-बहन भी बीजेपी का साथ दे रहे हैं, इसलिए वे पत्थर फेंककर हमें रोकने की कोशिश कर रहे हैं।'
यह भी पढ़ें: 'TMC ने हमला किया', बंगाल चुनाव में BJP उम्मीदवार को खेतों तक दौड़ाकर पीटा
पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई शिकायत
अग्निमित्रा पॉल ने पुलिस स्टेशन में मौखिक शिकायत दर्ज कराई है। आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट में अग्निमित्रा पॉल अपनी सीट बचाने की कोशिश कर रही हैं। उनके सामने TMC के तपस बनर्जी हैं।
कहां है आसनसोल?
आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र में आता है। यहां कोयला, लोहा और स्टील उद्योग प्रमुख हैं। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग चल रही है। वोटों की गिनती 4 मई को होगी।