भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। बीजेपी ने राज्य की महिलाओं से वादा किया है कि सरकार आने पर सभी घरों की महिला मुखिया को हर महीने 2,000 रुपये दिए जाएंगे। साथ ही बीजेपी ने सरकार आने पर हर घर को एकमुश्त 10,000 रुपये देने का वादा किया है।
तमिलनाडु में बीजेपी एनडीए के बैनर तले AIADMK के साथ 27 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने राज्य की जनता से पोंगल, तमिल पुथंडू और दीपावली के मौके पर तीन एलपीजी सिलेंडर मुफ्त देने का वादा किया है।
'कार्तिगई दीपम जलाने की परंपरा शुरू होगी'
अपने घोषणा पत्र में पार्टी ने यह भी कहा है कि भगवान मुरुगन के सम्मान में 'थाईपूसम' को तमिलनाडु का त्योहार घोषित करेगी और यह पक्का करेगी कि थिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर कार्तिगई दीपम जलाने की परंपरा फिर से शुरू हो।
स्पेशल फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने का वादा
इसके अलावा बीजेपी ने कहा कि राज्य में अपराध से निपटने के लिए जीरो FIR रिपोर्टिंग शुरू की जाएगी। बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यश्र जेपी नड्डा ने घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि सरकार आने पर गंभीर अपराध के लिए स्पेशल फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाएंगे, बसों, स्कूलों और यूनिवर्सिटी में 100 ब्लाइंड स्पॉट-फ्री CCTV कैमरे लगाएंगे।
ई-स्कूटर खरीदने के लिए 25,000
बीजेपी ने कहा कि सरकार आने पर महिलाओं के नेतृत्व वाले कोऑपरेटिव को मजबूत बनाया जाएगा। सेल्फ-हेल्प ग्रुप और MSME को 50 लाख तक का बिना ब्याज का लोन दिया जाएगा। नड्डा ने कहा कि राज्य में सरकार आने पर योग्य महिलाओं को ई-स्कूटर खरीदने के लिए 25,000 दिए जाएंगे। वहीं, केंद्र सरकार की तरफ से दिए जाने वाले किसान सम्मान निधी 6,000 के अलावा, किसानों को 3,000 का टॉप-अप दिया जाएगा, जिससे कुल राशि 9,000 हो जाएंगी।