तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के महासचिव और विल्लीवक्कम विधानसभा सीट से उम्मीदवार आधव अर्जुन ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने सत्तारूढ डीएमके के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने कहा कि डीएमके सरकार के खिलाफ बहुत गुस्सा है। साथ ही कहा कि डीएमके के कई सीनियर नेता भ्रष्टाचार और पावर के गलत इस्तेमाल के आरोपी हैं।
टीवीके के चुनावी कैंपेन प्रमुख आधव अर्जुन ने कहा, 'हमारा आरोप है कि इस सरकार में 1 लाख करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है। यह भी दावा है कि हर चुनाव क्षेत्र में 50 करोड़ रुपये तक खर्च किए जा रहे हैं। डीएमके पूरे तमिलनाडु में घरों में पैसे बांटने का प्लान बना रही है।'
टीवीके को वोट देंगे लोग
उन्होंने कहा कि अगर तमिलनाडु में पैसे बांटे भी जाते हैं, तो भी यहां के लोग टीवीके को वोट देने का पक्का इरादा कर चुके हैं। आधव ने कहा कि तमिलनाडु में पैसा कोई निर्णायक रोल नहीं निभाएगा। कल से, कैश बांटने और वोटरों को 8,000 रुपये के कूपन दिए जाने की खबरें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि टीवीके इन गंभीर मामलों पर एक्शन नहीं लेने पर चुनाव आयोग की बुराई करती है।
आधव अर्जुन ने आगे कहा कि पूरे तमिलनाडु में सभी 234 विधानसभा क्षेत्रों में टीवीके के उम्मीदवार सक्रिय हैं। हमारे कार्यकर्ता डोर-टू-डोर कैंपेन कर रहे हैं और लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स आ रहा है।
70 फीसदी महिलाओं ने समर्थन देने का वादा
उन्होंने कहा, 'टीवीके चीफ थलापति विजय के नेतृत्व में चुनावी कैंपेन ने पार्टी को काफी मजबूत किया है और लोगों का समर्थन हर दिन बढ़ रहा है। डीएमके और AIADMK दोनों ही परेशान हैं क्योंकि टीवीके लगातार आगे बढ़ रही है। खास बात यह है कि विजय के कैंपेन में लगभग 70 फीसदी महिलाओं ने हिस्सा लिया है। महिलाओं का समर्थन हमारे पक्ष में है। जबकि पॉलिटिकल जानकार अक्सर इसे 'पॉलिटिकल वेव' कहते हैं। टीवीके इसे 'फैमिली वेव' के तौर पर देखती है, जो लोगों के इमोशनल कनेक्शन और भरोसे से चलती है।'
बता दें कि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी, जिसके नतीजे 4 मई को आएंगे।