केंद्रीय मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेता राजीव सिंह उर्फ ललन सिंह के ऊपर FIR दर्ज हे गई है। यह एफआईआर आरजेडी की शिकायत के बाद चुनाव आयोग के निर्देश पर दर्ज की गई है। चुनाव आयोग के निर्देश के बाद मोकामा विधानसभा में केस दर्ज किया गया।
 
जेडीयू नेता ललन सिंह के एक वीडियो के वायरल होने के बाद मंगलवार को विवाद खड़ा हो गया। इसी वीडियो को लेकर उनके ऊपर केस हुआ है। इस वीडियो में वह पार्टी समर्थकों से कह रहे हैं कि वे वोटिंग के दिन विपक्षी नेताओं को घर से बाहर ना निकलने दें। वायरल वीडियो मोकामा का बताया जा रहा है, जो ललन सिंह के मुंगेर लोकसभा क्षेत्र में आता है।
 
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में SIR पर हंगामा, बिहार से कितनी अलग है यहां की प्रक्रिया?
ललन सिंह ने वीडियो में क्या कहा?
वीडियो में ललन सिंह कह रहे हैं, 'यहां कुछ लोग हैं--उन्हें मतदान वाले दिन घर से बाहर नहीं निकलने देना है। इन्हें अपने घरों के अंदर बंद कर दीजिए। अगर ये आपको मनाने लगे, तो इन्हें मतदान केंद्र तक साथ ले जाइए और वोट डाले जाने के बाद घर वापस भेज दीजिए।'
 
 
 
यह वीडियो ऐसे समय में वायरल हुआ है जब दुलारचंद यादव की हत्या के आरोप में मोकामा से पार्टी प्रत्याशी अनंत सिंह और उनके साथियों- माणिकांत ठाकुर और रंजीत राम की गिरफ्तारी के बाद बिहार में राजनीतिक तापमान बढ़ गया है।
पटना जिला प्रशासन ने जानकारी दी
वहीं, पटना जिला प्रशासन ने कहा, 'वीडियो निगरानी टीम के वीडियो फुटेज की जांच की गई। जांच के बाद इस मामले में ललन सिंह उर्फ राजीव रंजन सिंह के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।'
 
 
 
अनंत सिंह का किया समर्थन
जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या करनेका आरोप अनंत सिंह के ऊपर है। दुलारचंद यादव जन सुराज के मोकामा से प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद ललन सिंह ने सोमवार को मोकामा में अनंत सिंह के समर्थन में जनसभाओं में कहा था कि यह घटना एक साजिश है और अनंत सिंह ने पुलिस के साथ सहयोग किया और कानून-व्यवस्था का पालन किया। ललन सिंह और उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को मोकामा का दौरा कर अनंत सिंह के पक्ष में प्रचार और रोड शो किया था।
 
यह भी पढ़ें: 'कम से कम एक बीवी के साथ तो रहता हूं', पवन सिंह को खेसारी का जवाब
 
मोकामा में लोगों को संबोधित करते हुए ललन सिंह ने कहा, 'अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद हर व्यक्ति को अनंत सिंह की तरह संघर्ष करना चाहिए। जब अनंत बाबू बाहर थे, मेरी जिम्मेदारी कम थी, पर अब जब वह जेल में हैं तो मेरी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। आज से मैंने मोकामा की कमान अपने हाथ में ले ली है।' उन्होंने कहा, 'अनंत सिंह की गिरफ्तारी के पीछे साजिश है। सच्चाई जल्द ही सामने आएगी क्योंकि पुलिस जांच कर रही है और लोग साजिशकर्ताओं के बारे में जान जाएंगे।'
विपक्ष की कड़ी प्रतिक्रिया
विपक्ष ने ललन सिंह के वायरल वीडियो पर तीखी प्रतिक्रिया दी। आरजेडी ने 'एक्स' पर लिखा, 'ललन सिंह, चुनाव आयोग के सीने पर बुलडोजर चलाते हुए कह रहे हैं कि गरीबों को मतदान के दिन घर से बाहर नहीं निकलने देना है। उन्हें घर में बंद कर दीजिए, अधिक हंगामा किया तो वोट डालवा कर घर भेज दीजिए। निर्वाचन आयोग कहां है?'
 
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि यह बिहार में 'गुंडागर्दी और जंगलराज' का नया उदाहरण है। हार नजदीक आते ही जेडीयू-बीजेपी के नेता खुलेआम कह रहे हैं कि वे मतदान के दिन लोगों को घर से नहीं निकलने देंगे, घर में बंद करेंगे और अगर विरोध करेंगे तो उन्हें ले जाकर वोट डालवाया जाएगा।'