logo

मूड

'हमारे काउंटिंग सेंटर लूट रहे हैं', आरोप लगाकर ममता बनर्जी पहुंचीं कंट्रोल रूम

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में BJP बहुमत के आंकड़े को पार करती दिख रही है। इस बीच ममता बनर्जी ने करीब 100 केंद्रों पर मतगणना रोके जाने का आरोप लगाया है।

Mamata Banerjee visits counting centre

ममता बनर्जी, Photo Credit: PTI

शेयर करें

google_follow_us

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के 2026 के चुनाव आयोग के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को भारी बहुमत की ओर बढ़ते देख मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने सोमवार को अचानक कोलकाता के सखावत मेमोरियल काउंटिंग हॉल और कंट्रोल रूम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग और केंद्रीय सुरक्षा बलों की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े किए। यहां तक कि ममता दीदी ने काउंटिंग सेंटर लूटने तक के आरोप लगा दिए।

 

ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि राज्य के कई हिस्सों में जानबूझकर मतगणना प्रक्रिया को बाधित किया जा रहा है और गलत आंकड़े प्रसारित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इसे लोकतंत्र के खिलाफ एक सोची-समझी साजिश करार देते हुए अपने एजेंटों को मतगणना केंद्रों पर डटे रहने का निर्देश दिया है।

 

यह भी पढ़ें: कहीं सीएम तो कहीं सीएम कैंडिटेड को मिली हार, 15 मंत्री भी पीछे

ममता बनर्जी के आरोप

अपने वीडियो में ममता बनर्जी ने आरोप लगाते हुए कहा, 'पूरी तरह से पुलिस और केंद्रीय बल का इस्तेमाल कर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाया जा रहा है। उनके ऑफिस तोड़े जा रहे हैं और जबरदस्ती कब्जा किया जा रहा है। आपने देखा होगा कि कुछ जगहों पर वोट लूटने की कोशिश भी हुई है, ताकि वे सीट जीत सकें।' उन्होंने आगे कहा, 'अभी भी करीब 70 से 100 सीटें ऐसी हैं, जहां हम आगे हैं लेकिन उनकी जानकारी नहीं दी जा रही है। पूरी तरह से गलत खबरें फैलाई जा रही हैं। पहले DISO ये जानकारी देता था लेकिन उसे भी बदल दिया गया है। पूरी चुनाव प्रक्रिया को चुनाव आयोग अपने हिसाब से चला रहा है, केंद्रीय बल के साथ मिलकर। हमारे राज्य की पुलिस भी केंद्रीय बल के दबाव में काम कर रही है।'

ममता बनर्जी का कार्यकर्ताओं को संदेश

मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि अभी तो सिर्फ खेल शुरू हुआ है। उन्होंने कहा, 'घबराने की जरूरत नहीं है, अभी केवल 3-4 राउंड की गिनती हुई है, जबकि पूरी प्रक्रिया 14 से 18 राउंड तक चलती है। असली और निर्णायक नतीजे आखिरी राउंड में आएंगे।' उन्होंने कहा, 'मैं पहले से कह रही हूं कि शुरुआती 2-3 राउंड में उनके वोट पहले दिखाए जाएंगे और हमारे वोट बाद में दिखाए जाएंगे। कई जगहों पर 2-3 राउंड की गिनती के बाद लगभग 100 जगहों पर काउंटिंग रोक दी गई है। कल्याणी में 7 मशीनें पकड़ी गई हैं, जिनमें कोई मेल नहीं है।'

 

यह भी पढ़ें: बंगाल के मुस्लिम बहुल इलाकों में BJP ने किया बड़ा खेल, बढ़ी TMC की टेंशन

रुझानों में BJP की बंपर बढ़त

भले ही मुख्यमंत्री जीत के प्रति आश्वस्त दिख रही हों लेकिन ताजा रुझान BJP के पक्ष में एक बड़ी लहर का संकेत दे रहे हैं। BJP अभी 186 सीटों पर आगे है और उसने 11 सीटें जीती हैं, जो बहुमत के 147 के आंकड़े से कहीं अधिक है। पार्टी ने कलिम्पोंग और आसनसोल (दक्षिण) जैसी महत्वपूर्ण सीटों पर जीत भी दर्ज कर ली है। हालांकि, व्यक्तिगत रूप से ममता बनर्जी अपनी भवानीपुर सीट पर शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ 12 राउंड के बाद बढ़त बनाए हुए हैं। गौरतलब है कि इस बार बंगाल में 92.47% की रिकॉर्ड वोटिंग हुई है, जिसने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।


और पढ़ें