दिल्ली के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया अरविंद केजरीवाल के आरोपों ने खलबली मचा दी है। अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की सीएम आतिशी ने दावा किया था कि हरियाणा की ओर से यमुना में केमिकलयुक्त पानी छोड़ा जा रहा है और दिल्ली में 'नरसंहार' की साजिश हो रही है। इस दावे को दिल्ली जल बोर्ड की सीईओ ने भी खारिज किया। हरियाणा सरकार ने भी इसे गलत बताया। इस मामले पर चुनाव आयोग ने हरियाणा और दिल्ली सरकार से जवाब भी मांगा। अब हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने अरविंद केजरीवाल को जवाब देने के लिए पल्ला में यमुना नदी का पानी पीकर दिखाया है और कहा है कि केजरीवाल सिर्फ झूठ फैला रहे हैं।
केजरीवाल के आरोपों का जवाब देने के लिए हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी खुद पल्ला गांव पहुंचे। यह वही गांव है जहां से यमुना नदी हरियाणा से दिल्ली में प्रवेश करती है। यहां के पानी में आचमन करके नायब सिंह सैनी ने यह दिखाने की कोशिश की कि अरविंद केजरीवाल का दाव झूठा है और यमुना का पानी पल्ला में बिल्कुल साफ है। इस दौरान उनके साथ तमाम अधिकारी भी रहे जिन्होंने उन्हें यमुना के पानी की लोकर डेटा भी दिखाया।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में 'मिडिल क्लास' को कैसे साध रहे अरविंद केजरीवाल?
क्या बोले सैनी?
यमुना में आचमन करने के बाद नायब सिंह सैनी ने कहा, 'देखिए जिस प्रकार का दुर्भाग्यपूर्ण, लोगों में भय पैदा करने का बयान, लोगों को डराने वाला बयान, अपनी राजनीतिक स्वार्थ सिद्धि के लिए, जो केजरीवाल ने दिया है वह दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं आज पवित्र यमुना माता के चरणों में यहां आया हूं। आप देख भी रहे हैं कि मैंने मां यमुना के पानी का आचमन भी किया है। उन्होंने जो बयान दिया, उन्होंने कहा कि हरियाणा की बीजेपी सरकार ने इसमें जहर मिलाकर भेजा है, एक मास जेनोसाइड की बात केजरीवाल ने की है। कल ही वाटर अथॉरिटी ने पानी के सैंपल लिए हैं, उसमें कहीं कोई जहर की मात्रा नहीं है। मैंने खुद पानी का आचमन किया है। केजरीवाल साहब की पूरी जिंदगी झूठ बोलकर निकल गई।'
उन्होंने कहा, 'अपने उन कामों से वह बचना चाह रहे हैं, जो उन्होंने वादे दिल्ली की जनता से किए थे। केजरीवाल साहब, इतना डरावना, इतना दर्द भरा और इतना ज्यादा भय पैदा करने वाला बयान और हरियाणा के लोगों को जिस तरह उन्होंने बयान देकर अपमानित करने का काम किया है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है।' इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने भी आज दिल्ली में एक चुनावी रैली को संबोधित तरते हुए केजरीवाल पर हमला बोला। उन्होंने कहा, 'आप-दा वालों की लुटिया यमुना में ही डूबेगी।'
यह भी पढ़ें- जनता से 'लाज' बचाने की गुहार लगा रहे ताहिर हुसैन
CM आतिशी ने LG को लिखी थी चिट्ठी
इससे पहले आज दिन में दिल्ली की सीएम आतिशी ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना को जवाब देते हुए कहा, 'यमुना में अमोनिया का स्तर तय स्तर से 700 पर्सेंट ज्यादा है और आप कितनी भी रिपोर्ट कै मैनिपुलेट करें इस तथ्य को नकार नहीं सकते हैं। जिस चीज का बचाव नहीं किया जा सकता, उसका बचाव करके आप उन लोगों को धोखा दे रहे हैं जिनकी सेवा आपको करनी है। हरियाणा सरकार के बचाव में इतनी मेहनत और दिल्ली के पानी की सप्लाई में प्रदूषण के खिलाफ कोई कार्रवाई न करना गंभीर सवाल उठाता है। आखिर आपकी प्रतिबद्धता किसके प्रति है?'