logo

ट्रेंडिंग:

'सवालों का हिसाब दो वरना करारा जवाब मिलेगा,' CM नीतीश से तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से 2 दशक के शासन का हिसाब मांगा है। उन्होंने शिक्षा से लेकर रोजगार तक पर 12 सवाल पूछे हैं।

Tejashwi Yadav

राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव। (Photo Credit: RJD/X)

बिहार के नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार पर आरोप लगाया है कि उन्होंने 20 साल के शासन काल में  बिहार को पीछे धकेल दिया है। उन्होंने नीतीश कुमार सरकार पर पलायन, गरीबी और बेरोजगारी को बढ़ाने का आरोप लगाया है। तेजस्वी यादव ने कहा है कि बिहार में प्रति व्यक्ति आय विश्व के सबसे गरीब अफ्रीकी देशों से भी कम है।

तेजस्वी यादव ने कहा है कि 2 दशक में बिहार IT कंपनियों का कब हो सकता था लेकिन नहीं हो पाया। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में सरकार ने  प्रसंस्करण उद्योग तक नहीं लगाया, जबकि राज्य कृषि प्रधान है। तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार से 12 सवाल पूछे हैं।  

यह भी पढ़ें: हाइड्रोजन बम आ रहा है, PM मोदी अपना मुंह नहीं दिखा पाएंगे- राहुल गांधी

 

तेजस्वी यादव, नेता विपक्ष, बिहार:-
20 वर्षों से बिहार और 11 वर्षों से केंद्र में नीतीश-मोदी की सरकार रहने के बावजूद NDA सरकार ने बिहार को बेरोजगारी,पलायन और गरीबी का मुख्य केंद्र बना दिया है। यह मैं नहीं साल दर साल भारत सरकार की नीति आयोग की रिपोर्ट कह रही है। टेक्नोलॉजी, उदारीकरण और AI के दौर के बाद भी विगत 20 वर्षों में बिहार की प्रति व्यक्ति आय विश्व के सबसे गरीब अफ्रीकी देशों युगांडा और रवांडा से भी कम है।

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से 12 सवाल पूछे हैं, ये सवाल हैं- 

  1. बिहार में केला, मकई, मखाना, चावल, गन्ना, आलू, लीची, आम इत्यादि अनेक विश्व प्रसिद्ध अनाज, फल, सब्जियों का इतना उत्पादन होता है लेकिन इन सभी से संबंधित खाद्य प्रसंस्करण उद्योग 20 वर्षों से बिहार में क्यों नहीं लगाए गए और क्यों नहीं लग सकते? 20 वर्षों की सरकार जवाब दे? 

  2. बिहार बेरोजगारी का मुख्य केंद्र क्यों है? 20 वर्षों की एनडीए सरकार बताए कि बिहार में IT कंपनियां क्यों नहीं बुलाई गईं? क्यों नहीं आईं और क्यों नहीं आ सकतीं? बिहार में आईटी पार्क और स्पेशल इकोनॉमिक जोन क्यों नहीं बन सकते?

  3. बिहार दूसरे प्रदेशों से मछली खरीदता है ? 20 वर्षों की सरकार बताए कि बिहार में मछली उत्पादन संबंधित तमाम संसाधन होने के बावजूद यहां ऐसी व्यवस्था क्यों नहीं कर सकते?

  4. बिहार में मछली उत्पादन को बढ़ावा देकर, यहां जिलावार मछली बाजार लगाकर मछुआरों की आमदनी और उत्पादन क्यों नहीं बढ़ा सकते?

  5. 20 वर्षों की सरकार बताए, बिहार में डेयरी प्रॉडक्ट्स यानि दुग्ध उत्पादन संबंधित बड़े उद्योग क्यों नहीं लगाए जा सकते? बिहार का दूध, घी, मक्खन, चीज, पनीर, खोया इत्यादि दूसरे प्रदेशों और देशों में क्यों नहीं भेजा जा सकता? 

  6. 20 वर्षों की नीतीश सरकार बताए, बिहार में इंडस्ट्री स्पेसिफिक क्लस्टर या उद्योग-विशिष्ट क्लस्टर क्यों नहीं लगाए जा सकते?

  7. 20 वर्षों की NDA सरकार बताए कि इन्होंने बुनकर उद्योग, लघु उद्योग और हथकरघा उद्योग के लिए क्या किया? इनके शासन में बड़े पैमाने पर इन उद्योग़ो को बढ़ावा क्यों नहीं दिया गया?

  8. 20 वर्षों की सरकार बताए उन्होंने बिहार को अब तक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित क्यों नहीं किया? बिहार में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। 

  9. 20 वर्षों की सरकार नियुक्ति, भर्ती परीक्षा और प्रक्रिया को पारदर्शी तथा नियमित क्यों नहीं करती? 

  10. 20 वर्षों में बिहार से कुल कितना पलायन हुआ? बिहार में अप्रत्याशित दर से पलायन क्यों बढ़ रहा है?

  11. 20 वर्षों में पहले से चालू कितने चीनी मिल, जूट मिल, पेपर मिल एवं कुल कितने उद्योग-धंधे और कल-कारख़ाने बंद हुए तथा उससे बिहार को कुल कितने राजस्व व रोज़गार के अवसरों की हानि हुई?

  12. 20 वर्षों में बिहार का कुल कितने लाख करोड़ रुपए शिक्षा और चिकित्सा के नाम पर दूसरे प्रदेशों में गया? बिहार के मानव संसाधन का कुल कितने प्रतिशत बिहार में और कितने प्रतिशत दूसरे प्रदेशों में कार्यरत है?

तेजस्वी यादव:- 
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और 11 साल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के 𝟖 करोड़ युवाओं के सीने में धधक रहे बेरोजगारी, पलायन और उद्योग-धंधों से संबंधित इन ज्वलंत सवालों पर मुंह ना छिपाएं बल्कि सामने आकर जवाब दें। अगर जवाब नहीं देते है तो इस चुनाव में युवा करारा जवाब देंगे।

यह भी पढ़ें: 'B' से बीड़ी 'B' से बिहार, केरल कांग्रेस के ट्वीट पर बिहार में बवाल


जवाब तो नहीं मिला पर ट्रोल हो गए तेजस्वी

तेजस्वी यादव को जवाब तो नहीं मिला लेकिन सोशल मीडिया पर लोग ट्रोल करने लगे। लोगों ने लिखा कि जब बिहार में लालू यादव की सरकार थी, तब तो जंगलराज का बोलबाला था, अपराध और अपहरण आम था। नीतीश कुमार ने बिहार को स्थिरता दी है। 

कल्पना श्रीवास्तव नाम की एक X यूजर ने लिखा, 'तेजस्वी यादव, आपकी 12 सवालों की ड्रामा-शिट शायरी फिर शुरू हो गई। बिहार को पलायन और गरीबी का केंद्र आपकी RJD की 15 साल की अराजकता ने बनाया, फिर भी हिम्मत है NDA पर सवाल उठाने की? आंकड़े बोलते हैं NDA के 20 सालों में बिहार का GSDP 12% सालाना बढ़ा, 2004-07 में 22% तक पहुंचा, जबकि आपकी सरकार में तो लूट और बाहुबली ही चला।'

राकेश यादव नाम के एक शख्स ने लिखा, 'सर, उनका छोड़ो, अपना बताओ, आगे क्या करने वाले हो? भूत काल का बता कर भविष्य में राज नहीं किया जा सकता है। आप बताओ स्कूलों का क्या करोगे जो जिससे बच्चों का भविष्य सुधरे।'

जीनत राणा ने X पर लिखा, 'लालू यादव की सरकार ने बिहार को क्या दिया था। हत्या, बलात्कार, लूट और किडनेपिंग।' नीतीश कुमार से सवाल पूछने के बाद लोग तेजस्वी यादव को ही ट्रोल कर रहे हैं। 

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap