logo

ट्रेंडिंग:

'वह हट गया' बोले थे तेजस्वी, PM मोदी की रैली में दिखे प्रकाश वीर

बिहार में कई नेता और विधायक तमाम नाराजगियों और समीकरणों के बीच अपने दल को छोड़कर दूसरे दलों में संभावनाएं तलाश रहे हैं।

rajauli mla prakash veer

ललन सिंह के ठीक पीछे प्रकाश वीर। Photo Credit- PTI

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

बिहार का आगामी विधानसभा चुनाव की तारीखें धीरे-धीरे करीब आ रही हैं। राज्य की सभी राजनीतिक दलों ने अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। चुनाव से दो महीने पहले दल बदल की सियासत भी शुरू हो गई है। कई नेता और विधायक तमाम नाराजगियों और समीकरणों के बीच अपने दल को छोड़कर दूसरे दलों में संभावनाएं तलाश रहे हैं। कुछ ऐसा ही वाकया शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिहार की रैली में देखने को मिला। पीएम मोदी की गयाजी की रैली में मुख्य विपक्षी दल आरजेडी के दो विधायक मंच पर बैठे हुए दिखाई दिए।

 

पीएम मोदी के साथ मंच साझा करने वाले आरजेडी के दोनों असंतुष्ट विधायकों में नवादा से विधायक विभा देवी और रजौली से विधायक प्रकाश वीर शामिल रहे। दोनों मगध विश्वविद्यालय परिसर में निर्मित प्रधानमंत्री के मंच पर पिछली पंक्ति में बैठे हुए दिखाई दिए। अब पीएम की रैली में आरजेडी के विधायकों के शामिल होने के बाद ऐसी अटकलें लग रही हैं कि वे राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए में शामिल हो सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: बीजेपी-DMK दोनों का शिकार करेंगे विजय? मदुरै रैली में खुद को बताया शेर

दिलचस्प है विधायक प्रकाश वीर का मामला

आरजेडी के रजौली से असंतुष्ट विधायक प्रकाश वीर का मामला इसमें से सबसे दिलचस्प है। रजौली नवादा जिले में आती है। दरअसल, राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव खुद प्रकाश वीर को लेकर बयान दे चुके हैं। उन्होंने सार्वजनिक तौर से कह दिया है कि प्रकाश वीर को इस बार आरजेडी टिकट नहीं देगी।

तेजस्वी और युवक का संवाद

तेजस्वी इन दिनों कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ पूरे बिहार में 'वोटर अधिकार यात्रा' निकाल रहे हैं। इस यात्रा में तेजस्वी जनता से सीधे संवाद कर रहे हैं। इस दौरान तेजस्वी की यात्रा नवादा से गुजर रही थी। तभी वहां तेजस्वी की कार के पास भीड़ में मौजूद एक युवा लड़के ने उनसे जोर से कहा- 'तेजस्वी भैया, ओ तेजस्वी भैया!' आरजेडी नेता ने युवक की बात सुनते हुए तपाक से कहा- 'हां बोलो!'

 

 

नवादा के स्थानीय लड़के ने तेजस्वी से कहा, 'रजौली विधानसभा से आपको इस बार प्रकाश वीर (वर्तमान राजद विधायक) को हटाना होगा।' इसपर तेजस्वी ने लड़के को जवाब देते हुए कहा, 'वो हट गया।' इसपर लड़के ने कहा कि धन्यवाद भईया वो आपके नाम पर जीत रहा था।

 

यह भी पढ़ें: BEST की हार के बाद फडणवीस से मिले राज ठाकरे, अब बताई असली वजह

विधायक विभा की कहानी क्या है?

वहीं, आरजेडी के दूसरी असंतुष्ट विधायक विभा देवी हैं। विभा देवी के पति राज बल्लभ यादव कई बार विधायक रह चुके हैं और हाल ही में पटना हाई कोर्ट द्वारा एक ‘पॉक्सो’ मामले में बरी होने के बाद जेल से बाहर आए हैं। इस मामले में राज बल्लभ को कई साल जेल में रहना पड़ा था। राज बल्लभ का नवादा जिले में खासा प्रभाव माना जाता है।

 

पिछले साल लोकसभा चुनाव में आरजेडी द्वारा उनके परिवार के किसी सदस्य को टिकट नहीं दिए जाने से राज बल्लभ नाराज हो गए थे। उसके बाद उनके भाई बिनोद यादव ने आरजेडी छोड़ दी और नवादा लोकसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ गए थे। हालांकि, राष्ट्रीय जनता दल ने अपने दोनों विधायकों पर कोई कार्रवाई नहीं की है लेकिन इस घटना के बाद माना जा रहा है कि इनपर पार्टी कार्रवाई कर सकती है।

 


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap