त्रिवेणीगंज विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र बिहार के सुपौल जिले में है। यह सुपौल के चार सब-डिवीजन में से एक है और सुपौल का एक ब्लॉक भी है। यह अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है, लेकिन पहले यह सीट जनरल हुआ करती थी। इस विधानसभा सीट के पूरब में अररिया, पूर्णिया और कटिहार जिले पड़ते हैं। इलाके में त्रिवेणीगंज कृषि ब्लॉक कार्यालय, त्रिवेणीगंज ब्लॉक आफिस मौजूद हैं। यहां ALY कॉजेल पढ़ाई का एक बड़ा सेंटर है, जबकि अगर धार्मिक स्थलों की बात करें तो यहां काली मंदिर, लतौना चर्च और जामा मस्जिद प्रसिद्ध हैं। हालांकि, त्रिवेणीगंज में मूलभूत सुविधाओं की कमी के साथ में यहां उच्च शिक्षा के लिए ढांचे की मांग होती रही है।
मौजूदा समीकरण?
त्रिवेणीगंज विधानसभा सीट सुपौल की महत्वपूर्ण विधानसभा सीट है। यह सीट 2009 से ही जनता दल यूनाइटेड (JDU) के कब्जे में है। यहां से वीणा भारती लगातार दो बार से विधायक हैं। 2020 में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के संतोष कुमार को कड़ी टक्कर में हराया था। 2015 में जेडीयू-आरजेडी का गठबंधन था और दोनों क्षत्रप पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ी थीं। इस चुनाव में यह सीट जेडीयू के हिस्से में आई थी। 2015 के चुनाव में वीणा भारती ने लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के अनंत कुमार भारती को 52,400 वोटों से हराया था। त्रिवेणीगंज में पिछले चुनाव में जेडीयू-बीजेपी गठबंधन को आरजेडी से जीतने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। इस लिहाज से माना जा रहा है कि 2025 के चुनाव में भी दोनों दलों के बीच रोमांचक मुकाबला हो सकता है।
यह भी पढ़ें: सुपौल विधानसभा: अजेय हैं बिजेंद्र प्रसाद यादव, कौन भेदेगा JDU का किला?
2020 में क्या हुआ था?
त्रिवेणीगंज सीट पर 2020 में जनता दल यूनाइटेड ने जीत दर्ज की थी। आरजेडी दूसरे नंबर पर रही थी। 2020 में जेडीयू से वीणा भारती ने आरजेडी आरजेडी के संतोष कुमार को काफी कम मार्जिन से हराने में कामयाब हो गई थीं। हार का अंतर महज 3,031 वोट का था। जेडीयू की वीणा भारती ने 44.8 फीसदी वोट पाते हुए 79,458 वोट हासिल किए थे, जबकि संतोष कुमार को 76,427 वोट मिले। वहीं, इस सीट पर चिराग पासवान की पार्टी लोजपा की प्रत्याशी रेनूलता भारती को 5,194 वोट मिले थे। हालांकि, इस बार त्रिवेणीगंज विधानसभा सीट के परिणाम किस पार्टी के पक्ष में होंगे, यह जनता को तय करना है।
विधायक का परिचय
मौजूदा विधायक वीणा भारती त्रिवेणीगंज से लगातार दूसरी बार विधायक हैं। वह यहां से सबसे पहले 2015 में जेडीयू के टिकट पर विधायक बनी थीं। 55 साल की वीणा भारती अनुसूचित जाति से आती हैं। भारती त्रिवेणीगंज की ही मूल निवासी हैं। वह स्वर्गीय विश्वमोहन भारती की पत्नी हैं।
यह भी पढ़ें: गोविंदगंज: BJP जीतेगी या महागठबंधन की होगी वापसी?
विधायक वीणा भारती की पढ़ाई की बात करें तो उन्होंने साल 1986 में पटना से 10वीं और 1991 में इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की थी। 2020 के उनके चुनावी हलफनामों के मुताबिक, उनकी आय का मुख्य स्रोत विधायकी रूप में उनका वेतन और कृषि है। पिछले हलफनामों के मुताबिक उनके पास 3,16,12,955 रुपये की संपत्ति है। वहीं, उन्होंने 2015 के हलफनामें में अपनी संपत्ति 1,48,48,500 रुपये घोषित की थी।
विधानसभा सीट का इतिहास
त्रिवेणीगंज विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र सुपौल संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है। इस सीट पर अभी तक कुल 16 चुनाव हुए हैं। इस सीट की संख्या 44 है। विधानसभा में त्रिवेणीगंज और प्रतापगंज सामुदायिक विकास खंड हैं। सीट पर शुरुआती दौर में कांग्रेस का दबदबा हुआ करता था लेकिन बाद के चुनावों में गैर कांग्रेसी दलों ने अपना वर्चस्व कायम किया है।
1957- योगेश्वर झा (कांग्रेस)
1962- खूबलाल महतो (कांग्रेस)
1967- अनूप लाल यादव (संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी)
1969- अनूप लाल यादव (संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी)
1972- अनूप लाल यादव (संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी)
1977- अनूप लाल यादव (जनता पार्टी)
1980- जगदीश मंडल (कांग्रेस)
1985- अनूप लाल यादव (लोकदल)
1990- अनूप लाल यादव (आरजेडी)
1995- विश्व मोहन कुमार (कांग्रेस)
2000- अनूप लाल यादव (आरजेडी)
2005- विश्व मोहन कुमार (एलजेपी)
2009- दिलेश्वर कमैत (जेडीयू)
2010- अमला देवी (जेडीयू)
2015- वीणा भारती (जेडीयू)
2020- वीणा भारती (जेडीयू)