बॉलीवुड की दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने कल 13 अप्रैल को मुंबई के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। रविवार को उनके बेटे आनंद ने उनके निधन की पुष्टि की। आज राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाता है। पूरा देश उनके निधन से शोक में डूब गया है। देश के तमाम दिग्गज उनके निधन पर दुख जाहिर कर रहे हैं।
आज शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इसको लेकर वहां तैयारियां शुरू हो गई हैं। आज उनके अंतिम दर्शन के लिए भीड़ जुटेगी। आनंद भोसले ने जानकारी दी कि सोमवार सुबह 10 बजकर 30 मिनट से दोपहर 2 बजे तक कासा ग्रैंड लोवर बिल्डिंग में लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे। पीए मोदी, शाहरुख खान जैसे तमाम दिग्गज उनके निधन पर दुख व्यक्त कर रहे हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आशा भोसले के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
यह भी पढ़ें: आशा भोसले के 'पिया तू' गाने ने 'धुरंधर' में कैसे मचाया धमाल? असली कहानी जानिए
भीड़ ना जुटाने की अपील
आशा भोसले के फैंस उनके निधन पर दुख में हैं और आज उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए भीड़ जुटने की उम्मीद है। इसको लेकर उनके बेटे आनंद ने एक भावुक अपील की है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए लोगों से गुजारिश की है कि शिवाजी पार्क श्मशान घाट पर ज्यादा भीड़ न जुटाएं। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार के दौरान भारी भीड़ होने की संभावना है, जिससे अव्यवस्था फैल सकती है। आनंद ने फैंस से सहयोग की मांग की है ताकि अंतिम प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके।
गम में डूबी फिल्म इंडस्ट्री
आशा भोसले के निधन पर फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज दुख जाहिर कर रहे हैं। प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर एक पुरानी तस्वीर और एक वीडियो शेयर कर आशा जी को भावुक श्रद्धांजलि दी। प्रियंका ने लिखा कि यह क्षति उनके बचपन और घर का एक हिस्सा खोने जैसी है। उन्होंने आशा भोसले की आवाज को भारतीय जीवन और यादों का अटूट हिस्सा बताते हुए उन्हें संगीत जगत का सबसे अनमोल तोहफा कहा। इसके अलावा अक्षय कुमार ने भी आशा भोसले के साथ फोटो शेयर कर उन्हें याद किया।
सलमान खान ने भी आशा भोसले को याद करते हुए एक पोस्ट लिखा। उन्होंने लिखा, 'भारतीय संगीत जगत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति। आशा जी के निधन की खबर सुनकर गहरा सदमा लगा। एक अतुलनीय आवाज, आपके गीत पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।'
शाहरुख ने आशा भोसले के निधन पर शोक जताया और अपने और उनके रिश्ते को याद किया। उन्होंने लिखा, 'आशा ताई के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। उनकी आवाज भारतीय सिनेमा की आधारशिलाओं में से एक थी और सदियों तक दुनिया भर में गूंजती रहेगी। एक ऐसी प्रतिभा जो कई लोगों से कहीं अधिक अमर रहेगी। उन्होंने हमेशा मुझ पर आशीर्वाद और प्यार बरसाया और मैं उन्हें बहुत याद करूंगा। आशा ताई, आपकी आत्मा को शांति मिले।'