बंगाली अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की एक शूटिंग के दौरान डूबने से हुई दुखद मौत ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री (टॉलीवुड) में आक्रोश पैदा कर दिया है। 29 मार्च 2026 को हुए इस हादसे के बाद कलाकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इसी के विरोध में 'वेस्ट बंगाल मोशन पिक्चर्स आर्टिस्ट्स फोरम' ने 7 अप्रैल 2026 से कोलकाता में फिल्मों, टीवी सीरियल और वेब सीरीज की शूटिंग पर पूरी तरह रोक लगा दी है। यह अनिश्चितकालीन हड़ताल तब तक जारी रहेगी जब तक सेट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाते।
अभिनेता राहुल बनर्जी अपने लोकप्रिय सीरियल 'भोलेबाबा पार करेगा' के एक सीन की शूटिंग कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक, वे अपने को-स्टार श्वेता मिश्रा के साथ घुटनों तक गहरे पानी में एक डांस सीक्वेंस शूट कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर पानी के अंदर मौजूद एक गहरे गड्ढे में फिसल गया और वे डूब गए। उन्हें तुरंत पास के दीघा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी साथी अभिनेत्री श्वेता इस हादसे के बाद से गहरे सदमे में हैं।
यह भी पढ़ें: हनी सिंह और बादशाह की बढ़ी मुश्किलें, अब हटाना होगा 'वॉल्यूम 1' गाना
मीटिंग में क्या फैसला हुआ
राहुल की मौत के बाद कलाकारों और तकनीशियनों की सुरक्षा को लेकर एक इमरजेंसी मीटिंग बुलाई गई। इस मीटिंग में प्रसेनजीत चटर्जी, ऋतुपर्णा सेनगुप्ता, शांतिलाल मुखर्जी और स्वरुप विश्वास जैसे दिग्गज कलाकार शामिल हुए। साथ ही कई निर्देशकों और निर्माताओं ने भी इस चर्चा में हिस्सा लिया। फेसबुक पर शेयर किए गए आधिकारिक बयान में बताया गया कि जब तक कलाकारों की जान की सुरक्षा कि लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक कोई भी कलाकर काम पर नहीं लौटेगा।
राहुल की पत्नी की अपील
राहुल की पत्नी प्रियंका सरकार ने भी इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और प्रसेनजीत चटर्जी जैसे बड़े सितारों ने हड़ताल का समर्थन किया है। राहुल की मौत के बाद उनकी पत्नी प्रियंका सरकार ने सोशल मीडिया पर अपना दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि यह उनके परिवार के लिए बहुत मुश्किल समय है और इसमें एक छोटा बच्चा और मां शामिल हैं। प्रियंका ने मीडिया और दोस्तों से अपील की है कि उनके परिवार की प्राइवेसी का सम्मान किया जाए और उन्हें शांति से शोक मनाने दिया जाए। प्रियंका ने इस हादसे के लिए जिम्मेदार प्रोड्यूसर्स के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।
हड़ताल के नियम क्या हैं?
फोरम ने साफ किया है कि 7 अप्रैल की सुबह 7 बजे से शूटिंग पूरी तरह बंद रहेगी। हालांकि, यह नियम उन लोगों पर लागू नहीं होगा जो वर्तमान में कोलकाता या पश्चिम बंगाल राज्य के बाहर किसी लोकेशन पर शूटिंग कर रहे हैं। वे अपना काम जारी रख सकते हैं। 43 वर्षीय राहुल बनर्जी की अचानक हुई इस मौत ने उनके परिवार, एक छोटे बच्चे और पूरी बंगाली इंडस्ट्री को गहरे शोक में डाल दिया है। 7 अप्रैल को एक और मीटिंग रखी जाएगी जिसमें आगे आने वाले समय में क्या करना है इसकी तैयारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें: 'जली तो है...', धुरंधर 2 की सक्सेस पर किसे ट्रोल कर गए जाकिर खान?
कैसा रहा राहुल का फिल्मी सफर
राहुल बनर्जी बंगाली मनोरंजन जगत का एक बहुत बड़ा नाम थे। उन्हें असली पहचान साल 2008 की सुपरहिट फिल्म 'चिरोदिनी तुमी जे आमार' से मिली, जिसने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। इसके बाद उन्होंने 'जैकपॉट', 'लव सर्कस' और 'शोनो मोन बोली तोमय' जैसी कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया। फिल्मों के साथ-साथ वे टीवी की दुनिया में भी काफी मशहूर थे। उन्होंने 'गीता एलएलबी', 'हरोगौरी पाइस होटल', 'देशेर माटी' और 'तुमी आशबे बोले' जैसे कई लोकप्रिय सीरियल्स में अपनी एक्टिंग से अपनी एक खास पहचान बनाई और सबका दिल जीत लिया।