पिछले कुछ सालों में अचानक दिल का दौरा या कार्डियक अरेस्ट से मशहूर हस्तियों की मौत के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ये खबरें हर बार लोगों को चौंका देती हैं, क्योंकि जिन सितारों की मौत हो रही है वह अक्सर कम उम्र के, फिट और एक्टिव लाइफ जीने वाले लोग होते हैं। चाहे बात भारतीय फिल्म और संगीत इंडस्ट्री की हो या फिर इंटरनेशनल स्टार्स और खिलाड़ियों की, अचानक दिल की बीमारी से मौत के मामले चिंता बढ़ा रहे हैं। शेफाली जरीवाला, पुनीत राजकुमार, सिद्धार्थ शुक्ला, सिंगर केके, कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव और डायरेक्टर राज कौशल- ये सभी जाने-माने नाम थे, जिनकी मौत ने सबको झकझोर दिया।
इन मौतों की एक बड़ी बात यह भी है कि यह बिल्कुल अनएक्सपेक्टेड होती हैं। ऐसे लोगों के बारे में आम सोच यही रहती है कि यह हेल्थ कॉन्शियस होते हैं, रेगुलर वर्कआउट करते हैं, फिर भी इतनी बड़ी बीमारी से हार जाना सबको सोचने पर मजबूर कर देता है। डॉक्टरों का मानना है कि तनाव, खराब लाइफस्टाइल, और कुछ छिपी हुई बीमारियां इसके पीछे वजह हो सकती हैं। ये घटनाएं एक बार फिर से हमें याद दिलाती हैं कि दिल की सेहत को लेकर लापरवाही नहीं की जा सकती चाहे आप कितने भी जवान या फिट क्यों न हों।
यह भी पढ़ें: शेफाली जरीवाला की मौत बनी मिस्ट्री, मुंबई पुलिस ने कहा- वजह साफ नहीं
दुनिया को अलविदा कहने वाले कुछ सेलेब्रिटी
भारत में कई ऐसे बड़े सितारे रहे हैं, जो अचानक दिल का दौरा पड़ने की वजह से हम सबको छोड़कर चले गए। कुछ बहुत कम उम्र में गए, तो कुछ ऐसे भी थे जिनकी मौत ने पूरे देश को चौंका दिया। आइये जानते हैं ऐसे ही कुछ नाम:
शेफाली जरीवाला
मशहूर एक्ट्रेस और मॉडल शेफाली जरीवाला का 27 जून को 42 साल की उम्र में निधन हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनकी मौत की वजह दिल का दौरा माना जा रहा है। हालांकि, असली कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।

सिद्धार्थ शुक्ला
बिग बॉस 13 जीतने वाले और टीवी के पॉपुलर एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला का 2 सितंबर 2021 को सिर्फ 40 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हो गया।

पुनीत राजकुमार
कन्नड़ फिल्मों के सुपरस्टार पुनीत राजकुमार का 29 अक्टूबर 2021 को दिल का दौरा पड़ने से 46 साल की उम्र में निधन हो गया।

सिंगर केके (कृष्णकुमार कुनाथ)
केके की आवाज ने करोड़ों दिलों को छुआ लेकिन 31 मई 2022 को कोलकाता में एक लाइव शो के बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा और वह सिर्फ 53 साल की उम्र में चल बसे।

निर्देशक राज कौशल
राज कौशल, जो डायरेक्टर और प्रोड्यूसर थे, उनका 30 जून 2021 को 50 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।

कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव
हंसाने वाले राजू श्रीवास्तव को अगस्त 2022 में वर्कआउट करते वक्त हार्ट अटैक आया। काफी समय तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद, 21 सितंबर 2022 को 58 साल की उम्र में उनका निधन हो गया।

सतीश कौशिक
एक्टर, डायरेक्टर और लेखक सतीश कौशिक का 9 मार्च 2023 को 66 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वो बॉलीवुड का जाना-पहचाना नाम थे।

सिद्धांत वीर सूर्यवंशी
टीवी एक्टर सिद्धांत वीर सूर्यवंशी का 19 मई 2022 को जिम में वर्कआउट के दौरान दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौत हो गई। उस वक्त उनकी उम्र सिर्फ 46 साल थी।

चिरंजीवी सरजा
साउथ फिल्मों के यंग एक्टर चिरंजीवी सरजा का 7 जून 2020 को 35 साल की उम्र में अचानक दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।

कॉमेडियन विवेक
तमिल फिल्मों के मशहूर कॉमेडियन विवेक ने 17 अप्रैल 2021 को 59 साल की उम्र में हार्ट अटैक के चलते दुनिया को अलविदा कह दिया।
