महाराष्ट्र के मुंबई शहर की मालवणी पुलिस ने बॉलीवुड के निर्माता और निर्देशक शकील नूरानी को गिरफ्तार कर लिया है। 73 साल के शकील पर एक 33 साल की अभिनेत्री ने बलात्कार और यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 69 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इसके बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया जहां से उन्हें 12 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
शिकायत करने वाली अभिनेत्री का कहना है कि साल 2016 में एक अवार्ड शो के दौरान उसकी मुलाकात शकील नूरानी से हुई थी। इसके बाद जब वह फिल्म के काम के सिलसिले में निर्देशक के घर गई तो उसे नशीला पदार्थ मिलाकर दे दिया गया जिससे वह बेहोश हो गई। होश आने पर निर्देशक ने उसे उसके कुछ गलत वीडियो दिखाए। पीड़िता का आरोप है कि शकील इन्हीं वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इस मामले में केस दर्ज होने के बाद से निर्देशक फरार चल रहा था जिसे पुलिस ने महाराष्ट्र के सतारा जिले से पकड़ लिया है। वहीं दूसरी तरफ, आरोपी के वकील ने इन सभी आरोपों को गलत बताया है।
यह भी पढ़ें: जर्मनी में नौकरी कैसे पाएं? वीजा, फीस और आवेदन का तरीका जानिए
शकील नूरानी की पुरानी फिल्में
शकील नूरानी बॉलीवुड के पुराने फिल्ममेकर हैं। उन्होंने अपने फिल्मी करियर में कई फिल्मों का निर्माण और निर्देशन किया है। उनकी मुख्य फिल्मों में गोविंदा की फिल्म 'जोरू का गुलाम', 'बड़े दिलवाला', 'श्रीमान आशिक' और 'विष्णु देवा' जैसी फिल्में शामिल हैं। इस नए मामले के सामने आने के बाद उनके पूरे करियर पर एक बड़ा दाग लग गया है।
यह भी पढ़ें: इन्फ्लुएंसर अर्पिता सरकार का पाकिस्तानी कनेक्शन? STF ने खोले राज
पुराना विवाद भी रहा चर्चा में
शकील नूरानी का नाम पहले भी बड़े विवादों में आ चुका है। कुछ साल पहले उनका अभिनेता संजय दत्त के साथ बड़ा झगड़ा हुआ था। उन्होंने संजय दत्त पर अपनी फिल्म को बीच में छोड़ने और पैसे वापस न करने का आरोप लगाया था। इसके साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि उन्हें इस मामले में अंडरवर्ल्ड से धमकी दिलवाई गई थी। यह पुराना मामला भी काफी लंबे समय तक चर्चा में रहा था।