फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' के रिलीज होने से पहले ही इसको लेकर विवाद शुरू हो गया है। पहले जहां सलमान खान ने फिल्म को लेकर आपत्ति जताई थी, वहीं अब फिल्म में काम कर रहे गोविंद नामदेव ने भी मेकर्स पर गंभीर आरोप लगा दिए हैं। गोविंद नामदेव का कहना है कि मेकर्स ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। गोविंद के इस आरोपों पर फिल्म के प्रोड्यूसर अमित जानी ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और उन्हें आड़े हाथ लिया है। अमित जानी ने अब गोविंद नामदेव को सलमान खान के पैरों की धूल चाटने वाला बता दिया है।
फिल्म 'काला हिरण' में वकील का किरदार निभा रहे एक्टर गोविंद नामदेव ने सलमान खान के साथ कई फिल्मों में काम किया है। फिल्म का टीजर देखने के बाद से गोविंद नामदेव इसके मेकर्स पर काफी भड़के हुए हैं। उन्होंने प्रोड्यूसर अमित जानी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया। ऐसे में अमित जानी ने भी 4 मिनट का एक वीडियो जारी किया है जिसमें उन्होंने गोविंद नामदेव को करारा जवाब दिया है।
गोविंद नामदेव ने लगाए आरोप
एक्टर गोविंद नामदेव ने अमर उजाला संग खास बातचीत में बताया, 'मुझे नहीं पता था कि मेकर्स इस तरह से फिल्म को दिखाने वाले हैं। जैसे ही मैंने ट्रैलर देखा, मैं पूरा अंदर तक हिल चुका था। मुझे जिस काम के लिए शूट कराया गया था, मामला उससे बिल्कुल अलग है। मेकर्स ने मुझे जो बताया था और जो बनाया गया है, उसमें जमीन-आसमान का फर्क है। सलमान मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं, मैं उनके खिलाफ कभी जा ही नहीं सकता हूं।'
यह भी पढ़ें: 'काला हिरण' नाम से बनाई फिल्म, पोस्टर देखते ही सलमान खान ने भेजा नोटिस
बस इतना ही नहीं गोविंद ने फिल्म के प्रोड्यूसर अमित जानी पर भी गंभीर आरोप लगाएं हैं। गोविंद का कहना है, 'अमित जानी ने मुझे किसी दूसरी फिल्म की कहानी सुनाई थी, जिसका नाम 'संभल' था लेकिन अमित ने मुझे झूठी कहानी बताकर फंसा लिया। बाद में मुझे सच बताया गया कि हम 'काला हिरण' नाम की एक और फिल्म बना रहें हैं जिसमें सिर्फ अदालत में जो कुछ हुआ था वहीं दिखाया जाएगा। इससे ज्यादा हम अपनी तरफ से कुछ नया नहीं जोड़ेंगे लेकिन ट्रैलर देखने के बाद मुझे पता चला कि अमित जानी ने मेरे साथ कितनी बड़ी चीटिंग की है।' गोविंदा का कहना है कि वह लॉरेंस बिश्र्नोई गैंग को सपोर्ट नहीं करते हैं और वह अब फिल्म की बची हुई शूटिंग का हिस्सा नहीं बनेंगे।
अमित जानी ने तोड़ी चुप्पी
गोविंद नामदेव के इन आरोपों को सुनकर अमित जानी बहुत भड़क गए हैं। अमित ने 4 मिनट का वीडियो बनाया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अमित जानी का कहना है- 'ये सब क्या है? एक एक्टर जो है, उसकी रीढ़ की हड्डी इतनी कमजोर है कि वह एक मीटर की जीभ निकालकर किसी सुपरस्टार के पैरों की धूल चाटने में लगा हुआ है। जिस शूट के लिए उन्हें स्क्रिप्ट पढ़ाई गई थी। 1998 से लेकर 2018 तक जो काला हिरण की हत्या का केस चला जोधपुर की अदालत में, उस केस के 20 साल के पूरे सीन को लगातार 3-4 दिन तक जो व्यक्ति अदालत में स्क्रिप्ट के साथ सेट पर शूट करता रहा। उसको नहीं पता जीप पर खून लगा है। टायर में हिरण के बाल चिपके हैं।'
यह भी पढ़ें: 'प्रणीत मोरे समाज के आतंकी', सुनील पाल ने कॉमेडियन को क्यों लताड़ा?
अमित ने आगे कहा, 'बिना स्क्रिप्ट के कोई ऐक्टर शूटिंग नहीं करता। तो ये जो डायलॉग बोल रहे थे, वह क्या इनका जिन बोल रहा था? क्या यह कोर्ट में गनपॉइंट पर खड़े थे? इसमें गुमराह या चीटिंग वाली क्या बात है? फिल्म का टाइटल ही काला हिरण हैं। गोविंद ने एग्रीमेंट पर साइन किए हैं और बस इतना ही नहीं उन्होंने 'काला हिरण' फिल्म का जो सेकेंड पार्ट आ रहा है, उसका भी एग्रीमेंट साइन किया है।'
कोर्ट ले जाने की चेतावनी
अमित का कहना है, 'गोविंद ने साइन किए गए एग्रीमेंट को तोड़ा है। उन्होंने फिल्म और प्रोडक्शन हाउस की बदनामी की है, जिससे उन्हें अब भारी नुकसान झेलना पड़ेगा। सेट पर 12-12 घंटे की शिफ्ट देने के बाद आप कह रहे हैं कि आपको कुछ पता नहीं था तो आप यह बचकानी बात कर रहे हैं। इसके लिए हम आपके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने जा रहे हैं। आपको नोएडा की कोर्ट में जवाब देना पड़ेगा।'