धुरंधर 2 सिनेमाघरों में 19 मार्च को रिलीज होने वाली है। रिलीज होने से पहले ही फिल्म खूब सुर्खियां बटोर रही है। फिल्म का ट्रेलर देखते ही लोग एक्साइटेड हो गए थे। इस ट्रेलर में विवेक सिन्हा, जो विलेन का किरदार निभा रहे हैं, उनका एक डायलॉग सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इसके साथ ही विवेक सिन्हा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में विवेक धुरंधर 2 का डायलॉग बोल रहे हैं, जिसे देखकर कई लोगों ने उन्हें जमकर ट्रोल किया है। विवेक के इंस्टा रील्स के कमेंट सेक्शन को नफरती कमेंट्स से भर दिया गया है। अब इन्हीं कमेंट्स पर विवेक सिन्हा ने प्रतिक्रिया दी है।
विवेक सिन्हा ने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर की है। इस रील के जरिए उन्होंने ट्रोल्स को हंसते हुए और नरम अंदाज में जवाब दिया है। अब सवाल उठता है कि ट्रोलर्स ने ऐसा क्या कहा, जो विवेक सिन्हा को प्रतिक्रिया देनी पड़ी है।
ट्रोलिंग के पीछे क्या है वजह?
धुरंधर 2 में विवेक सिन्हा आतंकवादी जहूर मिस्त्री का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म के ट्रेलर में जहूर मिस्त्री कहता है, 'हिंदू एक डरपोक कौम है।' इस डायलॉग से लोग आहत हो गए हैं। इसी डायलॉग को विवेक सिन्हा ने सोशल मीडिया पर री-शेयर किया, जिससे लोग और ज्यादा नाराज हो गए। यही वजह है कि कई लोग विवेक को ट्रोल कर रहे हैं।
इस डायलॉग की वजह से सोशल मीडिया पर कई लोगों ने विवेक को गंदी गालियां दीं। कई लोगों ने उन्हें पाकिस्तानी तक कह दिया, कुछ लोगों ने जान से मारने की धमकी भी दी। कई लोगों ने सारी हदें पार करते हुए विवेक सिन्हा को आतंकवादी जैसा तक कह दिया। इससे कहीं न कहीं विवेक सिन्हा आहत हुए होंगे।
क्या है विवेक सिन्हा का जवाब?
विवेक सिन्हा ने इन कमेंट्स को मजाकिया अंदाज में लिया है। रिएक्शन वीडियो में उन्होंने कहा, 'मेरा नाम विवेक सिन्हा है। कल मैंने एक वीडियो शेयर की थी, जिसमें मैंने फिल्म धुरंधर में अपने डायलॉग के बारे में बात की थी। डायलॉग था कि ‘हिंदू बहुत ही डरपोक कौम है’ मैं तो बस किरदार निभा रहा था, लेकिन कमेंट्स देखकर हैरान हो गया हूं। हर कमेंट में यही लिखा है ‘तुम आतंकवादी लगते हो, तुम्हें मार दूंगा, तुमने गुस्सा दिला दिया है।’ पर सच कहूं, मुझे बहुत अच्छा लगा। इससे पता चला कि आप सबके अंदर कितना जबरदस्त देशभक्ति का जज्बा है। इन सबकी देशभक्ति को सलाम।'