पश्चिमी एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब आम लोगों की जिंदगी पर भी दिखने लगा है। इसी बीच बॉलीवुड अभिनेत्री लारा दत्ता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि वह इन दिनों अपनी बेटी सायरा के साथ दुबई में हैं और वहां के हालात को करीब से देख रही हैं। उन्होंने बताया कि इलाके में मिसाइलों को इंटरसेप्ट किए जाने और तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही हैं।उन्होंने यह भी कहा है कि डर और असहजता के बावजूद उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर भरोसा है।
लारा दत्ता ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में कहा कि जब यह सब शुरू हुआ तब वह शूटिंग कर रही थीं। उसी दौरान अचानक उन्हें जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई देने लगीं। उन्होंने बताया कि आसमान में मिसाइलों को खत्म किया जा रहा था और फाइटर जेट लगातार उड़ान भर रहे थे। उनके अनुसार यह सब कुछ बेहद अचानक हुआ और पहली बार में काफी डरावना लगा।
यह भी पढ़ें: 'दुनियाभर में इजरायली दूतावास पर हमला करेंगे', ईरान की नई धमकी से हड़कंप
दुबई में फंसी हैं लारा दत्ता
लारा ने बताया कि वह इस समय अपनी बेटी सायरा के साथ दुबई में हैं जबकि उनके पति और पूर्व टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति काम के सिलसिले में बाहर हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से यहां का माहौल तनावपूर्ण है लेकिन इसके बावजूद लोगों के जीवन की गति पूरी तरह से थमी नहीं है। लारा दत्ता ने कहा कि वह जिस इलाके में रह रही हैं, वह सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है। इसके बावजूद कभी-कभी इतने तेज धमाके सुनाई देते हैं कि खिड़कियां तक हिलने लगती हैं और दरवाजे भी कांप उठते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी आवाजें किसी को भी असहज कर सकती हैं लेकिन इसके बावजूद उन्हें ऐसा महसूस नहीं हुआ कि वह असुरक्षित हैं।
उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात की सरकार की तारीफ की है। लारा दत्ता ने कहा कि प्रशासन हर निवासी की सुरक्षा का पूरा ध्यान रख रहा है। उन्होंने ने कहा कि यहां यह मायने नहीं रखता कि कौन किस देश का नागरिक है। सरकार सभी को समान सुरक्षा और सम्मान देने की कोशिश कर रही है और हालात को सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें: 'जीत पक्की करने में समय लगेगा', क्या ईरान में फंस गया अमेरिका?
तनाव के बीच दुबई में सामान्य जिंदगी जारी
अभिनेत्री ने यह भी बताया कि तनाव के बावजूद दुबई में आम जिंदगी पूरी तरह से बंद नहीं हुई है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि उनके घर का माली रोज की तरह आकर लॉन की देखभाल करता है और पौधों को पानी देता है। वहीं डिलीवरी करने वाले लोग भी अपने काम पर जा रहे हैं। इससे यह साफ होता है कि लोग सतर्क जरूर हैं, लेकिन अपने रोजमर्रा के काम जारी रखे हुए हैं।
लारा दत्ता ने कहा कि वह भारत लौटने के लिए लगातार फ्लाइट्स देख रही हैं लेकिन फिलहाल उड़ानों की संख्या सीमित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही उन्हें वापस आने का कोई रास्ता मिल जाएगा। वीडियो के अंत में उन्होंने शांति का संदेश देते हुए कहा कि कोई भी आम नागरिक डर के साए में जीने का हकदार नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हालात जल्द बेहतर होंगे और अंत में समझदारी और इंसानियत की जीत होगी। उनके इस संदेश को सोशल मीडिया पर कई लोग समर्थन दे रहे हैं।