बॉलीवुड सिनेमा में अपनी पहचान को बनाए रखना बेहद मुश्किल है। लोगों को जितनी तेजी से कामयाबी मिलती है उतनी ही तेजी से हाथों से फिसल भी जाती हैं। कभी अपने करियर के पीक पर रहीं अभिनेत्री रिमी सेन आज इंडस्ट्री से दूर है। वह अब दुबई में रह रही हैं और वहां रियल एस्टेट का बिजनेस चला रही हैं।
रिमी सेन ने बिल्डकैप्स रियल एस्टेट एलएलसी के पॉकास्ट में बताया कि फिल्म इंडस्ट्री क्यों छोड़ी? इस इंटरव्यू के बाद से उनके लुक की खूब चर्चा हो रही है। फैंस के लिए उन्हें पहचान पाना मुश्किल हो रहा है।
यह भी पढ़ें: Border 2 ने एडवांस बुकिंग में मारा छक्का, टूटेगा 'धुरंधर' और 'छावा' का रिकॉर्ड
रिमी ने क्यों छोड़ी इंडस्ट्री?
रिमी ने कहा, 'फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं का करियर बहुत कम उम्र के लिए होता है। यह पुरुषों का दबदबा वाला फील्ड है। आज भी इंडस्ट्री में सलमान और शाहरुख खान का दबदबा है। उनके साथ काम करने वाली हीरोइनें आज सपोर्टिंग रोल या मां का किरदार निभा रही हैं। जबकि टॉप हीरो का करियर 25 से 30 साल का होता है।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैंने हमेशा से सोचा था कि कुछ समय के लिए काम करूंगी, फिल्में और इवेंट्स करूंगी। मैंने 2016 में बुधिया सिंह प्रोड्यूस की थी जिसे नेशनल अवॉर्ड मिला था। इसके बाद मैं बिजनेस में आ गई। मैं यहां ज्यादा सुरक्षित महसूस करती हूं। मुझ पर कैमरा के सामने दिखने का कोई दवाब नहीं है। आर्थिक सुरक्षा और आजादी सबसे ज्यादा जरूरी है।'
रिमी सेन की आखिरी फिल्म
रिमी ने अपने करियर की शुरुआत साल 2002 में तेलुगू फिल्म Nee Thodu Kavali से की थी। 2003 में उन्होंने फिल्म 'हंगामा' से हिंदी में डेब्यू किया था। इसके बाद वह 'बागबान', 'धूम', 'गर्म मसाला', 'क्यों कि', 'दीवाने हुए पागल', 'फिर हेरा फेरी', 'गोलमाल फन अनलिमिटेड' जैसे हिट फिल्मों में नजर आई थीं।
साल 2011 में उनके करियर की आखिरी फिल्म 'शागिर्द' रिलीज हुई थी। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से पिट गई थी। इसके बाद 2015 में रिमी सलमान खान के रियलिटी शो 'बिग बॉस 9' में नजर आई थीं।
रिमी के ट्रांसफॉर्मेंशन से हैरान फैंस
रिमी के नए लुक को देखकर उन्हें पहचान पाना मुश्किल हो रहा है। सोशल मीडिया पर लोगों को कहना है कि उन्होंने अपने चेहरे के साथ क्या कर लिया। वह पहले कितनी खूबसूरत थीं। एक व्यक्ति ने लिखा, 'वह पहले कितनी मासूम दिखती थीं।' दूसरे व्यक्ति ने लिखा, 'रिमी सेन को पहचान पाना मुश्किल हो गया।' तीसरे व्यक्ति ने लिखा, 'रिमी जी आपके चेहरे को क्या हो गया है?'