logo

ट्रेंडिंग:

सैफ पर हमला... बुलेट प्रूफ घर में सलमान, एक्टर्स का ठिकाना कितना सेफ?

बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर मुंबई के बांद्रा स्थित उनके घर में घुसकर हमला हुआ है। सैफ पर हमले बाद मुंबई में एक्टर्स की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।

Saif Ali Khan

सैफ अली खान। (Photo Credit: PTI)

जानेमाने बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर धारदार हथियार से हमला हुआ है। एक अनजान शख्स ने उनके मुंबई के बांद्रा स्थित घर में घुसकर रात के 2 बजे हमला कर दिया। सैफ पर 6 वार किए गए, जिसमें दो गहरे थे। वह फिलहाल लीलावती अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती हैं। सर्जरी के बाद सैफ को खतरे से बाहर बताया जा रहा है। मुंबई पुलिस ने कहा है कि अभी तक के पूछताछ में चोरी का मामला सामने आया है। आरोपी सीढ़ी के रास्ते घर में घुसा था। 

 

अनजान शख्स के अचानक दाखिल होने के बाद घर की महिला स्टाफ चिल्लाने लगी। इसके बाद सैफ उसके पास पहुंचे। सैफ और उस शख्स के बीच हाथापाई शुरू हो गई जिसके बाद उसने एक्टर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गुरुवार तड़के सुबह इस घटना के सामने आने के बाद मुंबई के सबसे पॉश इलाकों में से एक बांद्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद ने प्रियंका चतुर्वेदी ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र के गृह मंत्री को कटघरे में खड़ा किया है। 

 

सेफ नहीं एक्टर्स का ठिकाना

 

मुंबई का बांद्रा उपनगर फिल्म इंडस्ट्री के सितारों का घर है। शाहरुख खान, सलमान खान, आमिर खान, रणबीर कपूर और आलिया भट्ट जैसे बड़े स्टार्स का घर इसी इलाके में है। प्रियंका चतुर्वेदी ने बांद्रा की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए X पर लिखा 'यह कितनी शर्म की बात है कि मुंबई में एक और हाई प्रोफाइल को जान से मारने की एक और कोशिश हुई है। सैफ अली खान पर हमला एक बार फिर मुंबई पुलिस और गृह मंत्री पर सवाल उठाता है। बाबा सिद्दीकी की चौंकाने वाली हत्या के बाद उनका परिवार अभी भी न्याय का इंतजार कर रहा है। सलमान खान बुलेट प्रूफ घर में रहने को मजबूर हैं। अब सैफ पर भी हमला हुआ है।'

 

उन्होंने आगे कहा, 'सलमान बुलेट प्रूफ घर में रहने को मजबूर हैं। अब सैफ अली खान। सभी बांद्रा में हैं। यह एक ऐसा क्षेत्र है जहां मशहूर हस्तियों की संख्या सबसे अधिक है, जहां पर्याप्त सुरक्षा होनी चाहिए। अगर मशहूर हस्तियां सुरक्षित नहीं हैं तो मुंबई में कौन सुरक्षित है?'

 


बांद्रा में बढ़ रहीं ऐसी घटनाएं

 

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी को उनके बेटे के ऑफिस के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बाबा सिद्दीकी बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान के बेहद करीबी थे। 12 अक्टूबर 2024 की हुई इस घटने से पहले सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकी मिली थी। 

 

14 अप्रैल को 2024 को बाइक पर आए दो अज्ञात लोगों ने सलमान के घर के बाहर फायरिंग की थी। सलमान का घर - गैलेक्सी अपार्टपमेंट -  बांद्रा के बैंडस्टैंड इलाके में है। सलमान ने इस मामले से जुड़ी चार्जशीट में बयान दर्ज करवाया था कि उन्होंने उस दिन सुबह अपने घर के बाहर पटाखे जैसी आवाज सुनी थी। बाद में पता चला कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने फायरिंग की थी।

 

यह भी पढ़ें: सैफ की गर्दन और रीढ़ की हड्डी पर गंभीर चोट, क्या बोले 'ओमकारा'?

 

बांद्रा में पुलिस की और ज्यादा मौजूदगी जरूरी

 

एक्ट्रेस पूजा भट्ट ने बांद्रा इलाके में सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए X पर लिखा, क्या इस अव्यवस्था पर लगाम लगाई जा सकती है? हमें बांद्रा में पुलिस की और ज्यादा मौजूदगी की जरूरत है। बांद्रा पहले कभी इतना असुरक्षित नहीं महसूस हुआ था।' एक अलग पोस्ट में पूजा ने लिखा, 'कानून और व्यवस्था। कानून तो हैं... व्यवस्था का क्या?'

 

सैफ पर नहीं फिल्म इंडस्ट्री पर हमला है

 

शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने सैफ पर हुए हमले को पूरी फिल्म इंडस्ट्री पर हमला करार दिया है। उन्होंने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा, 'सैफ अली खान एक कलाकार हैं, उनको पद्मश्री से भी नवाजा गया है। सैफ अली खान पर चाकू से कातिलाना हमला हुआ। कोई बोलता है चोर था, कोई और कुछ बोलता है। लेकिन इस राज्य में लॉ एंड ऑर्डर की सिचुएशन क्या है? बीड से लेकर मुंबई और नागपुर से लेकर मुंबई तक, सैफ अली खान पर हमला दिखा देता है कि लॉ एंड आर्डर कहां है? मुंबई फिल्म इंडस्ट्री का सबसे बड़ा हब है। पूरा बॉलीवुड मुंबई में है और वह सुरक्षित नहीं रहेगा तो कौन सुरक्षित रहेगा। सैफ अली खान के ऊपर जो हमला हुआ है वह फिल्म इंडस्ट्री के ऊपर हमला हुआ है।'

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap