फैशन को लेकर युवाओं की पसंद तेजी से बदल रही है। आज के युवा सिर्फ ऐसे कपड़े नहीं चाहते जो पहनने में अच्छे लगें बल्कि वे अपने कपड़ों के जरिए अपना अलग स्टाइल भी दिखाना चाहते हैं। किसी को ढीली टी-शर्ट और बड़े प्रिंट पसंद हैं तो कोई साधारण और आरामदायक कपड़े पहनना पसंद करता है। वहीं कुछ युवाओं को फिल्मों, गाने और दूसरी पसंद से जुड़े डिजाइन वाले कपड़े अच्छे लगते हैं।
इसी बदलती पसंद को देखते हुए भारत में कई ऐसे फैशन ब्रांड हैं जो खास तौर पर युवाओं और Gen Z की पसंद को ध्यान में रखकर कपड़े तैयार कर रहे हैं। इन ब्रांड्स के कलेक्शन में रोज पहनने वाले कपड़ों से लेकर स्ट्रीटवियर, बड़े प्रिंट, ढीले कपड़े और अलग-अलग डिजाइन देखने को मिलते हैं। इनमें ओन्ड!, यूस्ता, बेवकूफ, वेइर्डो और नॉट योर टाइप जैसे ब्रांड शामिल हैं। इनमें से कुछ ब्रांड सीधे तौर पर Gen Z को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं जबकि कुछ युवा ग्राहकों की बदलती पसंद पर फोकस करते हैं। आइए जानते हैं इन पांचों ब्रांड्स में क्या खास है।
यह भी पढ़ें: जिस कपड़े को कोई नहीं पहनता था, वही दोबारा बिक रहे; बढ़ गया रीसेल का ट्रेंड
ओन्ड! में रोज पहनने वाले कपड़े
ओन्ड! को आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल ने भारत के Gen Z और युवा ग्राहकों को ध्यान में रखकर शुरू किया है। इस ब्रांड में युवाओं की पसंद और नए फैशन ट्रेंड के हिसाब से कपड़े मिलते हैं। यहां ऐसे कपड़े हैं जिन्हें पहनकर युवा अपने हिसाब से तैयार हो सकते हैं।
इसके कलेक्शन में टी-शर्ट, जींस, शर्ट, टॉप, ड्रेस, जैकेट और जॉगर्स जैसे कपड़े शामिल हैं। यहां ओवरसाइज टी-शर्ट, ग्राफिक प्रिंट और को-ऑर्ड सेट भी मिलते हैं। यानी रोज पहनने वाले कपड़ों के साथ नए डिजाइन के कपड़े भी यहां मिल जाते हैं।
यूस्ता में हर हफ्ते नए कपड़े
यूस्ता रिलायंस रिटेल का फैशन ब्रांड है जो खास तौर पर युवा ग्राहकों के लिए बनाया गया है। इसे Gen Z को ध्यान में रखकर शुरू किया गया है। इसकी खास बात यह है कि हर गुरुवार नए कपड़े और डिजाइन पेश किए जाते हैं।
ब्रांड में रोज पहनने वाले कपड़ों के साथ पॉप कल्चर से जुड़े डिजाइन भी मिलते हैं। इनकी वेबसाइट के मुताबिक यहां कपड़ों की शुरुआती कीमत 179 रुपये है। हालांकि अलग-अलग कपड़ों की कीमत अलग हो सकती है।
बेवकूफ में ग्राफिक वाले कपड़े
बेवकूफ की शुरुआत 2012 में हुई थी। यह भारतीय फैशन ब्रांड अपने अलग तरह के कपड़ों और डिजाइन के लिए जाना जाता है। यहां Gen Z और मिलेनियल्स के लिए कैजुअल कपड़े मिलते हैं।
इसके कपड़ों में ग्राफिक टी-शर्ट, ओवर साइज कपड़े और पॉप कल्चर से जुड़े डिजाइन शामिल हैं। इसकी वेबसाइट पर फिल्मों, किरदारों और दूसरी पसंद से जुड़े प्रिंट वाले कपड़े भी मिलते हैं। अगर किसी को अपने कपड़ों पर ऐसी चीजें पसंद हैं तो यहां इस तरह के कई डिजाइन मिल जाएंगे।
यह भी पढ़ें: कपड़े खरीदने से पहले Gen Z करती है ये काम, बदल गया शॉपिंग का तरीका
वेइर्डो में स्ट्रीटवियर कपड़े
वेइर्डो खुद को Gen Z के लिए स्ट्रीटवियर ब्रांड बताता है। यहां ऐसे कपड़े मिलते हैं जो आजकल युवाओं के बीच पसंद किए जाते हैं। इसके कपड़ों में ओवर साइज टी-शर्ट, ग्राफिक प्रिंट, एसिड-वॉश टी-शर्ट, हुडी, कार्गो और जॉगर्स शामिल हैं। यहां ओवर साइज के कपड़ों और ग्राफिक डिजाइन पर ज्यादा ध्यान दिया गया है। स्ट्रीटवियर और बोल्ड डिजाइन पसंद करने वाले युवाओं के लिए यहां कई तरह के कपड़े मिलते हैं।
नॉट योर टाइप में अलग डिजाइन
नॉट योर टाइप को एटी20 क्रिएटिव ने तैयार किया है। यह Gen Z और नए ट्रेंड पसंद करने वाले युवाओं के लिए बनाया गया फैशन ब्रांड है। यहां ऐसे कपड़े मिलते हैं जिनमें युवा अपनी पसंद दिखा सकते हैं।
इसके कपड़ों में स्ट्रीटवियर डिजाइन, बड़े ग्राफिक्स और अलग तरह के डिजाइन देखने को मिलते हैं। ब्रांड का कहना है कि कपड़े सिर्फ नए ट्रेंड के हिसाब से ही नहीं बल्कि अपनी पसंद के हिसाब से भी पहने जा सकते हैं।