अमेरिका के अलास्का में 15 साल के एक लड़के ने समुद्र में करीब 62 घंटे तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष किया। रिपोर्ट्स के अनुसार, डेरिक पार्कर अघनांगा नाम का यह लड़का अपने बड़े भाई और चचेरे भाई के साथ मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान उनकी छोटी नाव अचानक समुद्र में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में उसके भाई और चचेरे भाई की मौत हो गई, जबकि डेरिक किसी तरह उलटी नाव के सहारे जिंदा रहा। वह जिंदा तो बच गया लेकिन उसे करीब 62 घंटे बर्फ जैसे ठंडे पानी में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करना पड़ा। आखिरकार अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने उसकी जान बचा ली।
यह हादसा 5 सितंबर को हुआ था जब डेरेक अपने 35 साल के भाई सिडनी कुलोवियी और 34 साल के चचेरे भाई बार्टन रूकूक के साथ छोटी नाव से मछली पकड़ने निकला था। बताया गया कि मछली पकड़ने वाली लाइन नाव के इंजन में फंस गई थी। उसे निकालने की कोशिश की गई, लेकिन इसी दौरान मौसम खराब हो गया और खराब मौसम के बीच नाव पलट गई। नाव में सवार सभी लोग ठंडे पानी में जा गिरे।
यह भी पढ़ें: हादसे की कवरेज कर रहा था न्यूज चैनल का हेलीकॉप्टर, क्रैश हुआ और 3 की हुई मौत
कैसे बची जान?
डेरेक के परिवार ने अब बताया कि नाव पलटने के बाद शुरुआत में सभी एक-दूसरे के पास रहने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन काफी देर तक ठंडे पानी में रहने के कारण डेरिक के भाई और चचेरे भाई की हालत बिगड़ गई और दोनों की मौत हो गई। डेरिक ने काफी देर तक उनके शवों को अपने पास रखने की कोशिश की, ताकि वे समुद्र में बह न जाएं। लेकिन समुद्र की तेज लहरों के कारण वह उन्हें ज्यादा समय तक अपने पास नहीं रखा सका। डेरेक किसी तरह नाव के ऊपर पहुंच गया।
62 घंटे बाद मिली जिंदगी
जब तीनों भाई घर नहीं लौटे तो परिवार को चिंता हुई और उन्होंने अलास्टा स्टेट ट्रूपर्स ने अमेरिकी कोस्ट गार्ड को इसकी जानकारी दी। इसके बाद समुद्र में जिस दिशा में उनकी नाव गई थी उस दिशा में तलाश शुरू की गई। डेरिक करीब 62 घंटे तक ठंडे समुद्र में फंसा रहा। इस दौरान उसके पास न खाने का सामान था और न ही पीने के लिए पर्याप्त पानी। वह उलटी पड़ी नाव के सहारे किसी तरह टिका रहा।
7 सितंबर की सुबह अमेरिकी कोस्ट गार्ड की टीम को समुद्र में उलटी हुई नाव दिखाई दी। इसके बाद बचाव दल ने वहां जरूरी सामान पहुंचाया। कुछ ही समय बाद पास से गुजर रहे एक जहाज ने डेरिक को बचा लिया। उसे नाव से करीब चार मील दूर सेंट लॉरेंस आइलैंड के पास पाया गया था।
यह भी पढ़ें: अब भारत पर 100% टैरिफ क्यों लगा सकता है अमेरिका? समझिए पूरी बात
गंभीर हालत में मिला डेरेक
डेरेक को करीब 62 घंटे बाद बचाया गया था और उस समय डेरिक की हालत बेहद खराब थी। वह बहुत ज्यादा डिहाइड्रेशन और हाइपोथर्मिया से जूझ रहा था। लंबे समय तक ठंडे पानी में रहने के कारण उसके शरीर का तापमान काफी गिर गया था। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई। डेरेक के परिवार की एक महिला ने बताया कि डेरिक ने अपने भाई और चचेरे भाई को तब तक पकड़े रखने की कोशिश की, जब तक वह ऐसा कर सकता था। इस हादसे में उसके दोनों भाईयों की जान चली गई लेकिन 62 घंटों के कठिन संघर्ष के बाद उसे सुरक्षित निकाल लिया गया।