पाकिस्तान के सिंध प्रांत के धारपारकर में बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक एंबुलेंस में आग लगने से ऑक्सीजन सिलेंडर फट गया। दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की जान चली गई। पांच अन्य झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में अस्पताल के कर्मचारी भी शामिल हैं।
सिंध पुलिस के मुताबिक घटना बुधवार देर रात की है। थारपारकर जिले में एक स्थानीय अस्पताल के कर्मचारी मरीजों को ट्रांसफर करने की तैयारी में थे। एंबुलेंस के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर जोड़ रहे थे। तभी तेज धमाका हो गया और एंबुलेंस आग की चपेट में आ गई। मरीज समेत 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पांच अन्य झुलसे हुए लोगों को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, 2 बहनों ने की खुदकुशी, 4 बच्चे भी मरे
झुलसे लोगों को कराची भेजा गया
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक घटना के वक्त एंबुलेंस नागरपारकर शहर में स्थित एक अस्पताल के बाहर खड़ी थी। न्यूज एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि गंभीर जले हुए लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद कराची रेफर कर दिया गया है। वहीं शवों को स्थानीय अस्पताल में पहचान के लिए रखा गया है। मीरपुरखास और कराची से विशेष टीमें घटना की जांच करने पहुंची हैं।
आग की लपटों में घिरी एंबुलेंस
जिले के पुलिस मुखिया आरिफ अजीज ने बताया कि मृतकों में मरीज, उसके परिजन और अस्पताल स्टाफ शामिल है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल है। इसमें अस्पताल के ठीक सामने एक गाड़ी आग की लपटों में घिरी दिख रही है। एक शख्स कहता है कि बहुत सारी जानों का नुकसान हुआ है। अभी तक कोई मदद नहीं आई है। छोटे-छोटे बच्चे अस्पताल के अंदर है। वीडियो के बैकग्राउंड में लोगों के रोने की आवाज आ रही है।
यह भी पढ़ें: 6 राज्यों में SIR से करोड़ों नाम कटे, संदिग्ध विदेशी नागरिक मिले सिर्फ 1600
घटना पर पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने दुख जताया। बुधवार को ही सिंध प्रांत में दो वाहनों में टक्कर के बाद एक जोरदार धमाका हुआ था। इसमें दो लोगों की जान गई और पांच अन्य घायल हुए। यह हादसा सुक्कुर जिले में हुआ है। अगस्त महीने में ही राजधानी इस्लामाबाद के एक अस्पताल में एसी फटने से 15 नवजात बच्चों की जान गई थी।