न्यूयॉर्क के व्यस्त ला-गार्डिया (LaGuardia) एयरपोर्ट पर हाल ही में एक ऐसी घटना घटी जिसने विमान सुरक्षा और रनवे मैनेजमेंट पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मॉन्ट्रियल से आ रहा एयर कनाडा एक्सप्रेस (Air Canada Express) का एक यात्री विमान लैंडिंग के दौरान रनवे पर खड़े दमकल विभाग के एक ट्रक (Fire Truck) से टकरा गया। इस जोरदार टक्कर के बाद पूरे एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आनन-फानन में सभी उड़ानों को रोक दिया गया।
एयर कनाडा एक्सप्रेस की एक फ्लाइट कनाडा के मॉन्ट्रियल शहर से अपनी नियमित उड़ान पूरी कर न्यूयॉर्क के ला-गार्डिया एयरपोर्ट पर लैंड कर रही थी। विमान रनवे पर अपनी सामान्य गति से उतर रहा था, तभी अचानक सामने दमकल विभाग की गाड़ी आ गई। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट 'FlightRadar24' की रिपोर्ट के अनुसार, विमान रनवे पर दौड़ ही रहा था कि उसकी भिड़ंत वहां मौजूद फायर ट्रक से हो गई। इस हादसे की खबर मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत वहां पहुंचे।
यह भी पढ़ें: उड़ान भरते ही हुई महिला की मौत, फ्लाइट में 13 घंटे तक किया सफर, उठती रही बदबू
विमान को पहुंचा भारी नुकसान
टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्लेन का अगला हिस्सा, जिसे 'नोज' कहते हैं, बुरी तरह से दब गया है। सोशल मीडिया पर जो फोटो और वीडियो सामने आए हैं, उनमें साफ दिख रहा है कि प्लेन का मुंह आगे से पिचक गया है। अच्छी बात यह रही कि इतनी बड़ी टक्कर के बाद भी विमान में आग नहीं लगी, वरना यह एक बहुत बड़ा हादसा हो सकता था। अभी तक यात्रियों को कितनी चोट आई है, इसकी पूरी जानकारी नहीं मिली है। एम्बुलेंस और मदद करने वाली टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई थीं।
एयरपोर्ट पर 'ग्राउंड स्टॉप' और उड़ानों का चक्का जाम
हादसे की गंभीरता को देखते हुए अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने तुरंत एक्शन लिया और पूरे ला-गार्डिया एयरपोर्ट पर 'ग्राउंड स्टॉप' घोषित कर दिया। इसका सीधा मतलब यह था कि जब तक रनवे साफ नहीं हो जाता और स्थिति काबू में नहीं आती, तब तक न तो कोई विमान वहां लैंड कर सकता था और न ही कोई उड़ान भर सकता था। शुरुआत में यह पाबंदी कुछ घंटों के लिए थी। लेकिन बाद में इसे शाम तक के लिए बढ़ा दिया गया। इस वजह से हजारों यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए और कई घरेलू व अंतरराष्ट्रीय उड़ानें या तो रद्द कर दी गईं या उनका रास्ता बदल दिया गया।
यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट में जंग, CBSE ने कहां टाल दी परीक्षा? समझ लीजिए
अब आगे की कार्रवाई क्या है?
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब एक विमान लैंड कर रहा था, तो रनवे के उस संवेदनशील हिस्से पर फायर ट्रक क्या कर रहा था? क्या यह एटीसी (Air Traffic Control) की गलती थी या ट्रक ड्राइवर और पायलट के बीच तालमेल की कमी? FAA और न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। एयर कनाडा से भी इस बारे में जवाब मांगा गया है कि क्या विमान में कोई तकनीकी खराबी थी जिसकी वजह से वह ट्रक से नहीं बच पाया। फिलहाल पूरे रनवे की सुरक्षा जांच की जा रही है ताकि आने वाले समय में ऐसी जानलेवा गलतियां दोबारा न हों।