बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में एक हिंदू मंदिर के केयरटेकर का शव पेड़ से लटका हुआ मिला है। वह पिछले तीन दिनों से लापता था। स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार, शव एक पहाड़ी इलाके में बरामद किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव और चिंता का माहौल बन गया है।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय नयन साधु के रूप में हुई है, जो चटगांव जिले के धोहारजारी क्षेत्र के निवासी थे। वह कॉक्स बाजार के खुरुशकुल यूनियन में स्थित शिवकाली मंदिर में केयरटेकर और पुजारी के रूप में काम करते थे। जानकारी के मुताबिक, वे 19 अप्रैल की शाम से लापता थे और उसी दिन दो अज्ञात लोग उन्हें अपने साथ ले गए थे।
यह भी पढ़ें: कौन है सलीम डोला? दाऊद का करीबी तुर्की में गिरफ्तार
तीन दिन बाद नयन साधु का शव गांव के बाहरी इलाके में पेड़ से लटका हुआ मिला। पुलिस ने बताया कि जब शव बरामद किया गया, तब वह काफी सड़ चुका था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि मौत के असली कारण का पता लगाया जा सके।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अभी तक यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का। मृतक की पत्नी की शिकायत पर 19 अप्रैल को ही गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया था और उसी दिन से जांच जारी है। कॉक्स बाजार पूजा उत्सव परिषद के महासचिव जोनी धर ने कहा कि जिस तरह से शव मिला है, उससे हत्या की आशंका मजबूत होती है। उन्होंने दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है।
यह भी पढ़ें: तो मान गया ईरान! 24 घंटे में दूसरी बार पाकिस्तान क्यों लौटे अब्बास अराघची?
वहीं, बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद के वरिष्ठ सदस्य काजल देबनाथ ने कहा कि एक छोटे मंदिर के साधारण कर्मचारी की हत्या का कारण समझ से परे है। परिषद ने यह भी बताया कि इस साल जनवरी से मार्च के बीच बांग्लादेश में 133 सांप्रदायिक हिंसा की घटनाएं दर्ज की गई हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।