ईरान में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां तेल और गैस रिफाइनरी में काम करने वाले कर्मचारियों से भरी बस पलट गई। हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। दुर्घटना पश्चिमी ईरान के इलाम प्रांत में इराक की सीमा के पास हुई। ईरान के सरकारी मीडिया के मुताबिक, बस शनिवार शाम करीब 7:25 बजे देहलोरन के पास दश्त अब्बास-मुर्मुरी सड़क पर पलट गई। बस में 'देहलोरन NGL 3100' तेल और गैस परियोजना में काम करने वाले कर्मचारी सवार थे। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
ईरानी स्टूडेंट्स न्यूज एजेंसी (ISNA) ने बताया कि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने सभी घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। हादसे के बाद ईरानी अधिकारियों ने इलाम प्रांत में एक दिन और अब्दानन में दो दिन के शोक की घोषणा की है। बता दें कि हादसे में मरने वाले ज्यादातर लोग अब्दानन के रहने वाले थे।
'जिम्मेदार लोगों के खिलाफ होगी कार्रवाई'
ISNA के मुताबिक, अब्दानन के अभियोजक अमरोल्लाह मिसाई ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, 'दुर्घटना का कारण, इसमें योगदान देने वाले कारक और किसी भी तरह की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की जांच की जा रही है। अगर किसी व्यक्ति या जिम्मेदार संस्था की ओर से कोई गलती या लापरवाही पाई जाती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ बिना किसी रियायत के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।'
(खबर अपडेट की जा रही है)