ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने एक बड़ा फैसला लिया है, जिसके तहत अब 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन किया जाएगा। इसका मतलब साफ है कि आने वाले दिनों में 16 साल से कम उम्र के बच्चे टिकटॉक, इंस्टाग्राम और स्नैपचैट जैसे प्लेटफॉर्म यूज नहीं कर पाएंगे। इस फैसले के पीछे सरकार का मकसद साफ है कि सोशल मीडिया के नकारात्मक प्रभाव से बच्चों को बचाया जा सके। यह पहला देश नहीं है जिसने कम उम्र के बच्चों के लिए यह फैसला लिया हो। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया जैसे देश भी बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा चुके हैं।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने 15 जून को यह घोषणा की थी। स्टारमर के मुताबिक, इस नियम को पारित कराने की कोशिश की जा रही है, जिसके बाद 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्रतिबंध 2027 की शुरुआत तक लागू हो जाएगा। इस फैसले को लेकर कीर स्टारमर ने अपने एक्स अकाउंट पर अहम बातें बताई हैं।
यह भी पढ़ें: पहले किडनैप किया, फिर रेप..., लंदन में भारतीय को 34 साल की सजा
कीर स्टारमर ने क्या कहा?
कीर स्टारमर ने कहा, 'हम 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया एक्सेस पर बैन लगा रहे हैं। आजकल बच्चों को ऐसी दुनिया में अपनी जगह बनानी है, जहां टेक्नोलॉजी उनकी जिंदगी के हर हिस्से में दखल दे रही है। मैं अब और ऐसा नहीं होने दे सकता। इसलिए हम इस फैसले के जरिए बच्चों को उनका बचपन वापस दे रहे हैं।'
अब तक किन देशों में सोशल मीडिया हुआ बैन
ऑस्ट्रेलिया ने दिसंबर 2025 में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन किया था। इसके तहत टिकटॉक, मेटा, इंस्टाग्राम, एक्स और फेसबुक जैसे ऐप बच्चों के लिए प्रतिबंधित कर दिए गए। ऐसा करने वाला वह दुनिया का पहला देश बन गया।
मलेशिया में जून 2026 में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया। इसके अलावा तुर्की में 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए भी यह प्रतिबंध लागू किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें: अमेरिकी बैंकों को लगा देता 950 करोड़ का चूना, कौन है महेंद्र मखीजानी?
कैसे लागू होगा यह नियम?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रिटेन की सरकार ने टेक कंपनियों को खास निर्देश दिए हैं। इसके तहत कंपनियों को अपने प्लेटफॉर्म पर ऐसे सिस्टम अपडेट करने होंगे, जो यूजर्स की उम्र की सही जांच कर सकें, ताकि 16 साल से कम उम्र के लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल न कर पाएं।