रूस से तेल खरीदने का हवाला देकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप टैरिफ लगाते जा रहे हैं। ट्रंप अब तक भारत पर 50% टैरिफ लगा चुके हैं। हालांकि, ट्रंप अब भी शांत नहीं हुए हैं। गुरुवार को जब ट्रंप से पूछा गया कि रूस के साथ कारोबार करने पर सिर्फ भारत पर ही क्यों टैरिफ लगाया जा रहा है? इस पर ट्रंप ने कहा कि अभी और भी कई सेकंडरी सैंक्शंस लगाए जाएंगे।
ट्रंप ने इस बात का संकेत भी दिया कि रूस से कारोबार करने पर अब भारत के बाद चीन पर भी टैरिफ बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा, 'हमने भारत के साथ ऐसा किया। हम दूसरे देशों के साथ भी ऐसा कर रहे हैं। उनमें से एक चीन हो सकता है।'
'अभी तो 8 घंटे ही हुए हैं'
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब पूछा गया कि भारत का कहना है कि चीन जैसे दूसरे देश भी रूस का तेल खरीद रहे हैं तो सिर्फ भारत को ही क्यों निशाना बनाया जा रहा है? इस पर ट्रंप ने जवाब देते हुए कहा, 'अभी तो सिर्फ 8 घंटे ही हुए हैं। देखते जाइए क्या होता है। आप बहुत कुछ देखने को मिलेगा। आपको कई सेकंडरी सैंक्शंस देखने को मिलेंगे।'
यह भी पढ़ें--10 में 8 जंग अमेरिका ने शुरू की! खुद 'लड़ाकू' रहा US अब ज्ञान दे रहा
चीन पर लगाया जाएगा टैरिफ!
ट्रंप से जब चीन को लेकर सवाल किया गया कि क्या वह उस पर भी टैरिफ बढ़ाने का सोच रहे हैं तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा, 'हो सकता है। यह इस बात पर निर्भर करता है कि हम कैसे करते हैं लेकिन ऐसा हो सकता है।'
इससे पहले मंगलवार को ट्रंप की अपनी पार्टी की नेता निक्की हेली ने 'चीन को छूट' न देने की अपील की थी। उन्होंने भारत को अमेरिका का अहम सहयोगी बताया था।
निक्की हेली ने X पर लिखा था, 'भारत को रूस से तेल नहीं खरीदना चाहिए लेकिन चीन, जो एक विरोधी है और रूसी और ईरानी तेल का सबसे बड़ा खरीदार है, उसे टैरिफ पर 90 दिन की छूट मिली है। चीन को छूट नहीं देनी चाहिए। भारत जैसे मजबूत सहयोगी के साथ अपने रिश्ते खराब न करें।'
यह भी पढ़ें-- मजबूरी या जरूरत! रूस का तेल भारत के लिए फायदे का सौदा क्यों?
ट्रंप लगा चुके हैं 50% टैरिफ
ट्रंप ने पिछले हफ्ते भारत पर 25% टैरिफ लगाया था। उनका कहना था कि भारत, रूस से तेल खरीद रहा है। इसके बाद उन्होंने बुधवार को भारत पर 25% टैरिफ और बढ़ा दिया है। इसके बाद अब अमेरिका जाने वाले सामान पर 50% टैरिफ लगेगा।
ट्रंप ने भारत पर जो नया 25% टैरिफ लगाया है, वह 27 अगस्त से लागू होगा। पिछले हफ्ते जो उन्होंने 25% टैरिफ लगाया था, वह गुरुवार से लागू हो जाएगा।
इस पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप के टैरिफ पर बयान जारी करते हुए भारत ने कहा कि कई देश रूस के साथ कारोबार कर रहे हैं, फिर भी भारत को निशाना बनाना अनुचित और गैर-वाजिब है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि हम 140 करोड़ लोगों के हित को ध्यान में रखते हुए हर जरूरी कदम उठाएंगे।