'इन आतंकियों के पास परमाणु हथियार होते तो...', ईरान पर अब क्या बोले ट्रंप?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी टकराव पर कहा है कि बातचीत हो रही है लेकिन अगर डील नहीं हुई तो ईरान को पाषाण युग में पहुंचा देंगे।

डोनाल्ड ट्रंप, Photo Credit: Social Media
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा है कि ईरानी की हत्यारी सत्ता ने 45 हजार से ज्यादा ऐसे लोगों मार डाला जो सिर्फ प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने कहा है कि अगर इन आतंकियों के पास परमाणु बम होता तो वह बेहद खतरनाक होता और वह ऐसा कभी नहीं होने देते। उन्होंने यह भी कहा है कि अब अमेरिका को मिडिल ईस्ट की कोई जरूरत नहीं है और ना ही उनका तेल चाहिए, फिर भी वह मदद करने को तैयार हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा है कि ईरान की एयरफोर्स तबाह हो चुकी है, नेवी भी खत्म हो गई और उसके कई नेता मारे जा चुके हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को धमकाते हुए कहा है कि उस पर और भीषण हमले किए जाएंगे और अगले दो-तीन हफ्तों में उसे 'पाषाण युग' में पहुंचा दिया जाएगा। डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा है कि बातचीत हो रही है लेकिन अगर कोई डील नहीं होती है तो ईरान पर जबरदस्त हमले होंगे और वहां बिजली पैदा करने वाले हर प्लांट पर एक साथ हमला किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: 'ये हमारी जंग नहीं', ट्रंप के बयान के बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री का साफ संदेश
क्या-क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर कहा है, 'इस हत्यारी सत्ता ने अपने ही 45 हजार लोगों को मार डाला क्योंकि वे प्रदर्शन कर रहे थे। ऐसे में अगर इन आतंकियों के पास परमाणु बम होता तो उस खतरे को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। तब धरती की यह सबसे हिंसक सत्ता एक न्यूक्लियर शील्ड के पीछे से आतंक वाले काम, हिंसा और सामूहिक हत्याकांड करने के लिए फ्री हो जाती और मैं ऐसा होने नहीं दे सकता था।'
इस युद्ध में शामिल न होने वाले देशों को डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है, 'जो देश इसमें शामिल नहीं होना चाहते हैं, उनके लिए मेरी सलाह है कि हमसे तेल खरीदो, हमारे पास बहुत है। दूसरा विकल्प है कि थोड़ा साहस दिखाओ और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जाकर तेल ले लो। उसकी रक्षा करो और इस्तेमाल करो। अब तो ईरान तबाह हो गया है तो यह काम आसान हो गया है।'
https://twitter.com/ANI/status/2039515934600421402
अमेरिका की पूर्व सरकारों को आड़े हाथ लेते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है, 'यह स्थिति पिछले 47 साल से बनी हुई है और इसे मेरे राष्ट्रपति बनने से पहले ही हैंडल किया जाना चाहिए था। मैंने अपने दो कार्यकाल में कई काम किए ताकि ईरान को न्यूक्लियर हथियार हासिल करने से रोका जा सके। सबसे अहम शायद यह था कि मैंने अपने पहले कार्यकाल में जनरल कासिम सुलेमानी को मारा। वह एक खतरनाक जीनियस, ब्रिलियंट आदमी और खतरना इंसान था लेकिन वह सड़कछाप बम का बाप था। अगर वह जिंदा होता तो शायद आज मैं कुछ अलग बातें कर रहा होता लेकिन आप इतना जानिए कि हम फिर भी जीतेंगे और बड़ी जीत हासिल करेंगे।'
यह भी पढ़ें: 'या तो अमेरिका से तेल लो नहीं तो..' ट्रंप ने दुनिया के सामने फिर रख दी शर्त
https://twitter.com/ANI/status/2039517940014616578
'ना इजरायल होता, ना मिडिल ईस्ट'
बराक ओबामा की सरकार पर तंज कसते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'मैंने बराक हुसैन ओबामी की न्यूक्लियर डील कैंसल की क्योंकि वह बकवास थी। ओबामा ने इन लोगों को को 1.7 बिलियन डॉलर कैश में दिए ताकि इनसे इज्जत और भरोसा हासिल किया जाए लेकिन यह सब फेल हो गया। वे हमारे राष्ट्रपति पर हंसे और अपना न्यूक्लियर बम बनाने का मिशन जारी रखा। उनकी न्यूक्लियर डील के चलते ईरान के पास परमाणु हथियारों का जखीरा हो सकता है। वे कई साल पहले ही परमाणु बम बना चुके होते और उनका इस्तेमाल भी कर चुके होते और तब दुनिया बेहद अलग होता। अगर मैंने यह डील न कैंसल की होती तो ना तो कोई मिडिल ईस्ट होता और ना ही कोई इजरायल होता। मैंने वह काम किया जो कोई राष्ट्रपति नहीं कर पाया। उन लोगों ने गलतियां कीं, मैं उन्हें सुधार रहा हूं।'
डोवर एयरबेस की अपनी यात्रा के बारे में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'मैं डोवर एयर बेस गया था क्योंकि मैं अपने देश के हीरोज से मिलना चाहता था। हम उन्हें सैल्यूट करते हैं और अब हमें इस मिशन को पूरा करके उनका सम्मान करना चाहिए। मुझे वहां उनके परिवार के लोग मिले और मुझसे कहा- प्लीज सर, अब यह काम खत्म करिए। हम यह काम खत्म करने जा रहे हैं और जल्द ही खत्म करने जा रहे हैं। हम बहुत करीब हैं और मैं इसके लिए मिडिल ईस्ट में अपने सहयोगियों- इजरायल, सऊदी अरब, कतर, UAE, कुवैत और बहीन को धन्यवाद देना चाहता हूं। इन लोगों ने बहुत अच्छा काम किया है और हम किसी भी सूरत में उन्हें फेल नहीं होने दे सकते।'
बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों दोनों तरह की बातें कर रहे हैं। एक बार वह कहते हैं कि ईरान ने सीजफायर की अपील की है और फिर कहते हैं कि वह ईरान को तबाह करके मानेंगे। पिछले कई दिनों से वह लगातार दोतरफा बातें कर रहे हैं। एक तरफ वह चाहते हैं कि ईरान हार मान ले और दूसरी तरफ लगातार कमांडो भेज रहे हैं। उनकी सीजफायर की बातों को ईरान ने मजाक बताया है और कहा है कि उसकी ओर से ऐसी कोई अपील नहीं की गई।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap


