अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख असीम मुनीर की तारीफ की है। ट्रंप ने शहबाज शरीफ और असीम मुनीर की सराहना करते हुए कहा कि दोनों महान लोग हैं। उन्होंने कहा कि वह पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी विवाद को जल्द ही सुलझा लेंगे। वह थाईलैंड-कंबोडिया शांति समझौते के लिए आयोजित समारोह में शामिल होने मलेशिया पहुंचे हैं, जहां उन्होंने एक बार खुद को युद्ध समाप्त करने वाला बताया है।
थाईलैंड-कंबोडिया शांति समझौते का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि यह उन आठ युद्धों में से एक है जिसे उनके प्रशासन ने केवल आठ महीनों में ही खत्म कर दिया है। उन्होंने युद्ध रोकने के अपने अभियान के बारे में बात करते हुए कहा, 'हम हर महीने एक ही काम कर रहे हैं और मुझे लगता है अब एक ही काम बचा है।' उन्होंने कहा कि संघर्षों का समाधान करना जानते हैं और वह एक ऐसा काम है जो वह कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें-- मलेशिया, जापान, साउथ कोरिया क्यों जा रहे ट्रंप? जिनपिंग से मीटिंग का एजेंडा क्या
पाकिस्तान-अफगानिस्तान पर बोले ट्रंप
ट्रंप ने अपने संबोधन में कहा कि मैंने सुना है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच भी विवाद चल रहा है लेकिन मैं इसे बहुत जल्द सुलझा लूंगा। मैं उन दोनों को जानता हूं और पाकिस्तान के फील्ड मार्शल और प्रधानमंत्री महान लोग हैं। मुझे कोई शक नहीं है कि हम इसे जल्द ही निपटा लेंगे। ट्रंप ने कहा कि मैं संघर्षों को खत्म करना जानता हूं। मुझे लगता है कि मुझे ऐसा करने की जरूरत नहीं है लेकिन अगर मैं समय निकालकर लाखों लोगों की जान बचा सकता हूं तो यह वाकई बहुत अच्छी बात है। मुझे इससे बेहतर कुछ और करने का ख्याल ही नहीं आता।'
थाईलैंड-कंबोडिया के बीच समझौता
ट्रंप ने यह बयान अपने एशिया दौरे के पहले दिन दिया। वह मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित थाईलैंड-कंबोडिया शांति समझौते पर सिग्नेचर समारोह में शामिल हुए हैं। इस समारोह में थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल और कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेत ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी में शांति समझौते पर सिग्नेचर किए। इस समझौते से दोनों देशों के बीच जुलाई में हुए संघर्षविराम को औपचारिक रूप से मान्यता मिल गई है। दोनों देशों के बीच सीमा पर शांति की बहाली की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। इस मौके पर ट्रंप ने कहा, 'यह दक्षिण-पूर्व एशिया के लोगों के लिए ऐतिहासिक दिन है. इस समझौते से दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव खत्म होगा और स्थायी शांति की नींव पड़ेगी।'
यह भी पढ़ें-- रूसी तेल की बड़ी खरीदार है रिलायंस, ट्रंप के प्रतिबंधों का असर क्या होगा?
ट्रंप ने आठ युद्ध रुकवाने का दावा किया
डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर आठ युद्ध खत्म करने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि उनके प्रशासन ने आठ महीने में आठ युद्धों को खत्म किया है। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ और ना कभी होगा। उन्होंने कहा, 'ऐसा कोई भी राष्ट्रपति नहीं हुआ है जिसने कभी एक भी युद्ध सुलझाया हो। मुझे नहीं लगता कि कोई भी ऐसा कर पाया होगा। इतिहास में ऐसा कुछ नहीं हुआ और मैं ऐसा करने पर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।' पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष को रुकवाने का दावा भी ट्रंप कई बार कर चुके हैं। पाकिस्तान भी ट्रंप के इस दावे का समर्थन करता है।
इस महीने की शुरुआत में मिस्त्र में हुए गाजा शांति शिखर सम्मेलन में पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने भारत के साथ युद्ध रोकने का सारा श्रेय ट्रंप को दिया था। शहबाज शरीफ ने युद्ध रुकवाने में अहम भूमिका निभाने के लिए डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया था। इससे पहले सितंबर में शहबाज शरीफ ने व्हाइट हाउस में ट्रंप से मुलाकात की थी। ट्रंप ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख की तारीफ करते हुए उन्हें फेवरेट फील्ड मार्शल कहा था।