गोवा के अरपोरा इलाके में बने जिस नाइटक्लब में 6 दिसंबर की रात को आग लग गई थी, उसके मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाईलैंड में हिरासत में ले लिया गया है। दोनों को जल्द ही भारत लाए जाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। नाइटक्लब में जिस रात आग लगी थी, उसी रात लूथरा ब्रदर्स थाईलैंड भाग गए थे। दोनों भाइयों के खिलाफ इंटरपोल ने ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया था।
गोवा में 6 दिसंबर की रात को अरपोरा इलाके में बने 'बर्च बाय रोमियो लेन' क्लब में आग लग गई थी। इस दुर्घटना में 25 लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में अब तक पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें क्लब के 4 मालिकों में से एक अजय गुप्ता भी शामिल हैं।
अब लूथरा ब्रदर्स को थाईलैंड में तब हिरासत में लिया गया है, जब एक दिन पहले ही गोवा सरकार ने विदेश मंत्रालय से दोनों भाइयों का पासपोर्ट सस्पेंड करने की अपील की थी। बताया जा रहा था कि विदेश मंत्रालय ने दोनों भाइयों का पासपोर्ट सस्पेंड भी कर दिया था।
एक दिन पहले ही दोनों भाइयों ने दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था।
यह भी पढ़ें-- 25 मौतें, 40 झुलसे फिर कैसे बच गई गोवा की बार डांसर क्रिस्टीना की जान?
अब भारत लाने की प्रक्रिया शुरू
न्यूज एजेंसी PTI ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि सौरभ और गौरव लूथरा को थाईलैंड में हिरासत में ले लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों भाइयों को भारत वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दोनों जल्द ही भारत आ सकते हैं।
आग लगते ही थाईलैंड भाग गए थे दोनों
6 दिसंबर की रात 11 बजकर 45 मिनट पर क्लब में आग लगी थी। इसके कुछ घंटों बाद ही दोनों भाई थाईलैंड भाग गए थे।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि जिस वक्त आग लगी थी और उसे बुझाने और लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही थी, उस वक्त लूथरा ब्रदर्स थाईलैंड जाने के लिए टिकट बुक कर रहे थे।
पुलिस जांच में पता चला है कि आग लगने के कुछ देर बाद ही पात 1 बजकर 17 मिनट पर दोनों भाइयों ने फुकेट जाने के लिए टिकट बुक की थी। दोनों उसी रात इंडिगो की फ्लाइट से फुकेट चले गए थे।
यह भी पढ़ें-- 'क्लब मालिकों पर ऐक्शन, गिरफ्तारी, रेड,' गोवा हादसे के बाद जागी सरकार

अब तक कितनी गिरफ्तारियां?
गोवा पुलिस ने इस मामले में अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। नाइटक्लब के 4 में से एक मालिक अजय गुप्ता को मंगलवार को ही पुलिस ने दिल्ली से हिरासत में लिया था और उन्हें गोवा लाया जा चुका है।
इससे पहले पुलिस ने नाइक्लब के चीफ जनरल मैनेज राजीव मोडक, जनरल मैनेज विवेक सिंह, बार मैनेजर राजीव सिंघानिया, गेट मैनेजर रियांशु ठाकुर और क्लब के कर्मचारी भरत कोहली को गिरफ्तार कर लिया था।