• OTTAWA 12 Jun 2025, (अपडेटेड 12 Jun 2025, 8:10 AM IST)
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या 29 मई 2022 को हुई थी। वह जवाहरके गांव से गुजर रहे थे, तभी हमलावरों ने उन पर गोलियां दाग दीं। उनकी हत्या का मुख्य सूत्रधार, अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
गोल्डी बराड़ और सिद्धू मूसेवाला। (Photo Credit: Social Media)
गैंगस्टर गोल्डी बराड़:- 'हमारे पास उसे मारने के अलावा कोई रास्ता नहीं था। उसे अपनी करनी का फल भोगना ही था। या तो वह होता (जिंदा) या तो हम। यह बस इतनी ही तो बात है।'
कनाडा में रहने वाले कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बरार ने पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या को सही ठहराया है। गोल्डी बराड़ ने कहा है कि सिद्धू मूसेवाला को उनके गलत कामों की सजा भुगतनी पड़ी। बीबीसी के एक डॉक्यूमेंट्री में गोल्डी बराड़ ने बताया कि मूसेवाला और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का पुराना रिश्ता था। लॉरेंस बिश्नोई जेल से सिद्धू मूसेवाला को फोन करके उनकी गायकी की तारीफ करता था।
गोल्डी बराड़ ने कहा है कि सिद्धू मूसेवाला ने 'घमंड' में आकर कुछ ऐसी गलतियां की थीं, जिन्हें माफ नहीं किया जा सकता था। गोल्डी बराड़ ने कहा कि उसके पास सिद्धू मूसेवाला को खत्म करने के अलावा कोई रास्ता नहीं था।
बीबीसी वर्ल्ड सर्विस ने मूसेवाला की हत्या पर 'द किलिंग कॉल' नाम की एक डॉक्यूमेंट्री बनाई है। सिद्धू मूसेवाला के जन्मदिन के दिन यूट्यूब पर दो हिस्सों में इसे रिलीज किया गया। यह डॉक्यूमेंट्री सुबह 5 बजे रिलीज हुई।
पहले इसे मुंबई के एक सिनेमाघर में इसे रिलीज किया जाना था लेकिन हंगामे के बाद इसे यूट्यूब पर रिलीज कर दिया गया। मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने मंसा कोर्ट में इस डॉक्यूमेंट्री को रोकने के लिए याचिका दायर की थी, जिसकी सुनवाई गुरुवार को होगी।
बलकौर सिंह ने महाराष्ट्र के डीजीपी और मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री उनकी इजाजत के बिना बनाई गई और इसमें उनके बेटे की हत्या के बारे में गलत जानकारी है। बलकौर सिंह का कहना है कि यह उनके बेटे की छवि को खराब करने की कोशिश हो सकती है।
बलकौर सिंह ने कहा है कि डॉक्यूमेंट्री में उन लोगों के इंटरव्यू शामिल हैं जिनका नाम हत्या के मामले में FIR में है, जिससे चल रही जांच प्रभावित हो सकती है। बलकौर ने बताया कि दो गवाह पहले ही कोर्ट में बयान दे चुके हैं और वे जल्द ही तीसरे गवाह के रूप में पेश होंगे। बुधवार को मूसेवाला के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर उनके तीन गाने भी रिलीज किए गए हैं।