यमन के हूती विद्रोहियों के खिलाफ पाकिस्तान की सेना सऊदी अरब के साथ जंग में उतर चुकी है। पाकिस्तान सेना के एक अधिकारी ने अमेरिकी अखबार 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' को यह जानकारी दी। उस अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी फाइटर जेट यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ हवाई हमलों में हिस्सा ले रहे हैं। हालांकि खबर के सामने आने के कुछ देर बाद ही पाकिस्तान ने इसका खंडन किया और रिपोर्ट को फर्जी और मनगढ़ंत बताया।
उधर, एक अन्य पाकिस्तानी अधिकारी का कहना है कि उसकी सेना सिर्फ एयर डिफेंस में मदद कर रही है। अभी तक हूती विद्रोहियों के खिलाफ किसी भी हमले में हिस्सा नहीं लिया है। रक्षा विश्लेषकों के मुताबिक सऊदी अरब में मौजूदा समय में 8000 से अधिक पाकिस्तानी सैनिक तैनात हैं।
यह भी पढ़ें: 'आतंक का राक्षस अब खुद उसे खा रहा..', UN में भारत ने पाकिस्तान को सुनाया
सऊदी अरब में पाकिस्तानी सैनिक
अमेरिकी न्यूज चैनल सीएनएन से बातचीत में पाकिस्तान सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने भी सऊदी अरब में पाकिस्तानी सेना की तैनाती की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सैनिक सऊदी अरब में कई तरह की क्षमताओं और क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। सऊदी अरब में पाकिस्तान की सैन्य मौजूदगी दशकों से है।
NYT ने अपनी रिपोर्ट में क्या बताया?
पाकिस्तान और तुर्की ने हाल ही में मक्का समझौते के तहत सऊदी अरब में अपनी सेना तैनात करने पर सहमति जताई। अब 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की रिपोर्ट ने पूरे पाकिस्तान में तहलका मचा दी। अमेरिकी अखबार ने नाम न छापने की शर्त पर एक पाकिस्तानी अधिकारी के हवाले से बताया कि मक्का समझौते के तहत हूती विद्रोहियों के खिलाफ पाकिस्तानी एयरफोर्स के जेट विमानों का इस्तेमाल किया जा रहा है। एक दूसरे पाकिस्तानी अधिकारी ने NYT से बताया कि यमन में जमीनी हमले के बजाय पाकिस्तान हूती के ड्रोन और मिसाइल खतरों को कमजोर करने में मदद कर रहा है।
पाकिस्तान को क्या खतरा सता रहा?
पाकिस्तान एक तरफ सऊदी अरब के साथ सैन्य एकजुटता और भाईचारा दिखाना चाहता है। दूसरी तरफ पड़ोसी ईरान से दुश्मनी भी मोल नहीं लेना चाह रहा है। यही कारण है कि एनवाईटी की रिपोर्ट पर पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और रिपोर्ट को फर्जी और मनगंढ़त बता दिया। एनवाईटी की रिपोर्ट के बाद इस्लामाबाद में हड़कंप है। उसे जंग में घसीटे जाने का खतरा सता रहा है।
यह भी पढ़ें: सायेरत मटकल: दुश्मन को घर में घुसकर मारने वाली इजरायल की सीक्रेट यूनिट
हमलों की चपेट में सऊदी अरब
हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। मंगलवार और बुधवार को विद्रोहियों ने सऊदी अरब के आभा और किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया। हमले में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की जान गई और 36 लोग घायल हुए हैं। गुरुवार को भी राजधानी रियाद में धमाकों की आवाज सुनी गई। हूती विद्रोहियों ने एक नई चेतावनी में लोगों से तेल सुविधाओं और एयरपोर्ट खाली करने की अपील की है।