गोवा में 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के समापन समारोह में विवाद हो गया। तुर्की की फिल्म 'रहमा' को ICFT-UNESCO गांधी मेडल दिया गया। फिल्म के निर्देशक फैसल सोयसल ने यह सम्मान फिलिस्तीन और गाजा के बच्चों को समर्पित किया। उनका संदेश समारोह में पढ़कर सुनाया गया। इसमें उन्होंने गाजा के हालात और बच्चों की मौत पर चिंता जताई। उनके इस बयान पर कुछ लोगों ने विरोध किया। वहीं इजरायल के कॉन्सुल जनरल ने भी नाराजगी जताई।
बता दें कि फिल्म 'रहमा' के निर्देशक फैसल सोयसल समारोह में मौजूद नहीं थे। उनकी जगह दोस्त और सिनेमैटोग्राफर एम्रे पेकाकिर ने अवॉर्ड लिया। उन्होंने ही अपने निर्देशक दोस्त का संदेश भी पढ़कर सुनाया। संदेश में सोयसल ने कहा कि दुनिया को महात्मा गांधी जैसे नेताओं की जरूरत है। ऐसे नेता जो शांति, आजादी और न्याय की बात करें। उन्होंने गाजा में बच्चों की मौत और अस्पतालों पर बमबारी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दुनिया के नेता इस मुद्दे पर चुप हैं। जबकि आम लोग इसके खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।
इजरायल के कॉन्सुल जनरल ने जताई नाराजगी
फिल्ममेकर के बयान पर इजरायल के कॉन्सुल जनरल यानिव रेवाच ने नाराजगी जताई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि फिल्म फेस्टिवल का इस्तेमाल राजनीतिक एजेंडे के लिए नहीं होना चाहिए।
उन्होंने फिल्म के निर्माताओं पर भारतीय मेहमाननवाजी का गलत फायदा उठाने का आरोप लगाया। रेवाच ने कहा कि भारत और इजरायल दोनों आतंकवाद से प्रभावित रहे हैं। उन्होंने तुर्की पर भी सवाल उठाए। उनके अनुसार, सिनेमा को कला और आपसी समझ बढ़ाने का जरिया होना चाहिए।
क्या है फिल्म 'रहमा' की कहानी?
फिल्म की कहानी मरियम नाम की एक महिला के इर्द-गिर्द घूमती है। वह पेशे से पुरातत्वविद् है और मां नहीं बन पा रही है। इसके लिए वह विदेश में सरोगेसी कराने की योजना बनाती है। इसी दौरान उसकी मुलाकात रहमा नाम की 9 साल की सीरियाई अनाथ बच्ची से होती है। धीरे-धीरे दोनों के बीच गहरा रिश्ता बन जाता है। इस मुलाकात से मरियम की सोच और जिंदगी बदलने लगती है।
जूरी ने फिल्म की कहानी, निर्देशन और कलाकारों के काम की तारीफ की। इसके बाद इसे गांधी मेडल के लिए चुना गया। बता दें कि इस साल फिल्म फेस्टिवल की थीम 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' थी।
यह भी पढ़ें: नेतन्याहू ने खेला सत्ता बचाने का नया दांव, आइजेनकोट को दिया रोटेशन PM का ऑफर
सिनेमा की भूमिका पर भी हुई चर्चा
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी राज्य में फिल्म इंडस्ट्री को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार फिल्म निर्माण, शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर काम कर रही है। वहीं समापन समारोह में फिल्ममेकर आशुतोष गोवारिकर ने कहा कि सिनेमा सिर्फ मनोरंजन का जरिया नहीं है। यह समाज के सामने जरूरी सवाल भी रखता है।