logo

मूड

ट्रेंडिंग:

निखिल गुप्ता को सजा, विकास यादव कौन हैं और FBI क्यों तलाश रही?

अमेरिका में खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश में विकास यादव पर निखिल गुप्ता को भर्ती करने का आरोप है। FBI पिछले दो साल से उसकी तलाश कर रही है।

File Image of Vikas Yadav

विकास यादव, Photo Credit- Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

अमेरिका में गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने की सजा सुनाई गई है। अमेरिकी अदालत ने शुक्रवार यानी 20 नवंबर को यह सजा दी। गुप्ता ने फरवरी 2026 में अपना अपराध स्वीकार कर लिया था। इस मामले में अमेरिकी जांच एजेंसियों ने विकास यादव को भी आरोपी बनाया है। अमेरिकी अभियोजन पक्ष का आरोप है कि विकास यादव ने ही निखिल गुप्ता को पन्नू की हत्या की साजिश में शामिल किया था। FBI करीब दो साल से विकास यादव की तलाश कर रही है, लेकिन अब तक उन्हें इस मामले में गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।

 

निखिल गुप्ता को सजा मिलने के बाद इस मामले में विकास यादव की भूमिका फिर चर्चा में है। अमेरिकी अभियोग के मुताबिक, वह इस कथित साजिश में निखिल गुप्ता के सह-आरोपी हैं। उन पर हत्या के लिए सुपारी देने, इसकी साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश के आरोप हैं। ऐसे में सवाल है कि विकास यादव कौन हैं, उन पर अमेरिका में क्या आरोप हैं और निखिल गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद भी वह अमेरिकी एजेंसियों की गिरफ्त से बाहर कैसे हैं?

कौन हैं विकास यादव?

अमेरिकी जांच एजेंसियों के मुताबिक, विकास यादव हरियाणा के प्राणपुरा के रहने वाले हैं। उनका जन्म 11 दिसंबर 1984 को हुआ था। FBI के रिकॉर्ड में उनके दूसरे नाम ‘विकास’ और ‘अमानत’ भी दर्ज हैं। अमेरिकी न्याय विभाग ने अक्टूबर 2024 में विकास यादव के खिलाफ आरोपों की घोषणा करते हुए उन्हें भारत सरकार के कैबिनेट सचिवालय का कर्मचारी बताया था। अमेरिकी अभियोग के मुताबिक, कैबिनेट सचिवालय के तहत भारत की बाहरी खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) भी आती है। हालांकि, भारत सरकार ने कहा था कि संबंधित व्यक्ति अब सरकारी कर्मचारी नहीं है।

निखिल को कैसे साजिश में शामिल किया?

अमेरिकी अभियोजन पक्ष के मुताबिक, मई 2023 में विकास यादव ने निखिल गुप्ता को पन्नू की हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए भर्ती किया था। यादव के निर्देश पर गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह अपना आपराधिक सहयोगी समझ रहा था। लेकिन वह व्यक्ति अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का गोपनीय मुखबिर था।

 

इस मुखबिर ने गुप्ता की मुलाकात एक कथित हत्यारे से कराई। वह भी असल में DEA का अंडरकवर अधिकारी था। अमेरिकी अभियोजन पक्ष का आरोप है कि विकास यादव ने निखिल गुप्ता के जरिए पन्नू की हत्या के लिए एक लाख डॉलर देने की बात तय की थी। 9 जून 2023 के आसपास 15 हजार डॉलर की एडवांस रकम भी पहुंचाई गई।

पन्नू की निजी जानकारी देने का भी आरोप

आरोप है कि, विकास यादव ने निखिल गुप्ता को पन्नू के न्यूयॉर्क स्थित घर का पता, फोन नंबर और उसकी रोजमर्रा की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी दी थी। गुप्ता ने यह जानकारी कथित हत्यारे तक पहुंचाई। इसके बाद वह विकास यादव को साजिश से जुड़ी जानकारी और पन्नू की निगरानी की तस्वीरें भेजता रहा।

 

अमेरिकी जांच एजेंसियों का दावा है कि गुप्ता ने कथित हत्यारे से जल्द से जल्द वारदात को अंजाम देने के लिए कहा था। हालांकि, उसने यह भी कहा था कि 20 जून 2023 से शुरू होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा के आसपास हत्या नहीं होनी चाहिए।

दिल्ली में भी गिरफ्तार हो चुके हैं विकास यादव

विकास यादव का नाम अमेरिकी मामले में सामने आने से पहले भी एक आपराधिक केस में चर्चा में आ चुका था। 18 दिसंबर 2023 को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उन्हें एक कारोबारी के अपहरण और उगाही के मामले में गिरफ्तार किया था। इस केस में उनके साथ अब्दुल्ला खान नाम के एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसका अपहरण कर मारपीट की गई और पैसे मांगे गए। शिकायत में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम भी सामने आया था।

 

इस मामले में दिल्ली पुलिस ने 2024 में चार्जशीट दाखिल की थी। विकास यादव को अप्रैल 2024 में नियमित जमानत मिल गई थी। फरवरी 2026 की एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वह इस मामले में जमानत पर बाहर थे और दिल्ली पुलिस पूरक चार्जशीट तैयार कर रही थी।

 

यह भी पढ़ें: एक हार्ट अटैक ने इंदिरा-फिरोज को करीब लाया, सोनिया गांधी ने किताब में बताया?

FBI की मोस्ट वांटेड लिस्ट में कैसे पहुंचे?

अमेरिका ने 17 अक्टूबर 2024 को विकास यादव के खिलाफ आरोपों की जानकारी सार्वजनिक की थी। इसके बाद FBI ने उन्हें अपनी मोस्ट वांटेड सूची में शामिल कर लिया। अमेरिकी एजेंसी के मुताबिक, उनके खिलाफ तीन आरोप हैं।

  • हत्या के लिए सुपारी देने की साजिश।
  •  हत्या के लिए सुपारी देने में शामिल होना।
  •  मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश।

अमेरिकी अदालत ने 10 अक्टूबर 2024 को उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। FBI के रिकॉर्ड में उनका नाम विकास यादव के साथ ‘विकास’ और ‘अमानत’ उपनामों के साथ दर्ज है। FBI के मुताबिक, वह भारत में रहने वाले भारतीय नागरिक हैं।

 

यह भी पढ़ें: ईरान युद्ध से कर्ज तक, The Economist के 2027 कवर में भारत के लिए ये 5 संकेत

भारत सरकार ने क्या कहा था?

अमेरिका की ओर से विकास यादव का नाम सामने आने के बाद भारत सरकार ने मामले की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति बनाई थी। विदेश मंत्रालय ने कहा था कि अमेरिकी पक्ष की ओर से दी गई जानकारी की जांच की गई है और समिति की जांच में कुछ ऐसे इनपुट मिले हैं, जिन पर कानूनी कार्रवाई की जरूरत है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया था कि संबंधित व्यक्ति अब सरकारी कर्मचारी नहीं है। भारत ने इस कथित साजिश में सरकार की संस्थागत भूमिका से इनकार किया है। वहीं, अमेरिकी अभियोजन पक्ष का आरोप है कि विकास यादव ने सरकारी कर्मचारी रहते हुए इस साजिश को निर्देशित किया था।


और पढ़ें