थाईलैंड-कंबोडिया बॉर्डर पर कई महीनों से तनाव है। दोनों के बीच जंग जैसे हालात भी बन चुके हैं। दोनों के बीच सीजफायर पर सहमति बन चुकी है लेकिन सीमा पर झड़पें अब भी होती रही हैं। इस बीच थाईलैंड-कंबोडिया बॉर्डर पर भगवान विष्णु की मूर्ति तोड़े जाने की घटना सामने आई है। इस पर भारत ने नाराजगी जताई है। भारत ने इस घटना को 'असम्मानजनक' बताते हुए कहा है कि इससे दुनियाभर में भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
बताया जा रहा है कि दो हफ्ते से ज्यादा लंबे समय तक चले दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव के बीच सोमवार को थाईलैंड की सेना ने भगवान विष्णु की मूर्ति को तोड़ दिया था।
अब इस घटना पर भारत ने नाराजगी जताई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि थाईलैंड-कंबोडिया बॉर्डर पर मूर्ति को उस क्षेत्र के लोग बहुत मानते हैं और उनकी पूजा करते हैं और यह साझा सभ्यतागत विरासत का हिस्सा है।
यह भी पढ़ें-- ट्रंप के नाम पर बन रहे सबसे घातक युद्धपोत की राह में कौन-कौन सी चुनौतियां?
भारत ने क्या कहा?
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस घटना पर बयान जारी करते हुए कहा, 'हमने हाल ही में एक हिंदू धार्मिक देवता की मूर्ति को तोड़े जाने की रिपोर्ट देखी है जो थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद से प्रभावित इलाकों में स्थित है। हिंदू और बौद्ध देवताओं को पूरे क्षेत्र के लोग हमारी साझा सभ्यतागत विरासत के हिस्से के रूप में बहुत सम्मान देते हैं और उनकी पूजा करते हैं।'
भारत ने दोनों पक्षों से शांति बहाल करने की अपील की। साथ ही कहा कि ऐसे 'अपमानजनक कामों से दुनिया भर के मानने वालों की भावनाओं को ठेस पहुंचती है।'
विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया, 'इलाके के दावों के बावजूद, ऐसे अपमानजनक कामों से दुनिया भर के मानने वालों की भावनाओं को ठेस पहुंचती है और ऐसा नहीं होना चाहिए। हम एक बार फिर दोनों पक्षों से बातचीत और कूटनीति पर लौटने, शांति बहाल करने और जान-माल के किसी भी और नुकसान से बचने की अपील करते हैं।'
यह भी पढ़ें-- बांग्लादेश: दीपू के बाद अब स्याम मजूमदार पर पेट्रोल बम से हमला, मौके पर हुई मौत
बुलडोजर से गिरा दी थी मूर्ति
थाईलैंड की मिलिट्री इंजीनियरों की टीम ने भगवान विष्णु की इस मूर्ति को बुलडोजर से गिरा दिया था। यह मूर्ति 2014 में बनी थी। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिससे लोगों में गुस्सा पैदा हो गया। थाईलैंड ने अभी तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
इससे पहले कंबोडिया ने भी विवादित सीमा क्षेत्र में भगवान विष्णु की मूर्ति को नष्ट करने के लिए थाईलैंड की आलोचना की थी। कंबोडिया के प्रवक्ता किम चानपान्हा ने AFP को बताया, 'यह मूर्ति हमारे इलाके में आन सेस क्षेत्र में थी।
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच इस साल जुलाई में झड़प शुरू हुई थी। दोनों के बीच जंग जैसे हालात बन गए थे। तब मलेशिया की मध्यस्थता में दोनों के बीच सीजफायर हुआ था। सीजफायर लागू करने का दबाव अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से बनाया गया था।