फ्रांस की यात्रा पर पहुंचे पीएम मोदी का राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया और नीस शहर में 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का संयुक्त उद्घाटन किया। कार्यक्रम के तहत भारत और फ्रांस के अलावा अन्य देशों के मुख्य इनोवेशन स्टार्टअप और वेंचर कैपिटल फंड एक साथ आएंगे। पीएम मोदी शनिवार की रात ही फ्रांस पहुंचे हैं।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, 'भारत इनोवेट्स दुनिया के लिए एक निमंत्रण है कि वे भारत के साथ मिलकर वैश्विक इनोवेशन का अगला अध्याय लिखें। पीएम मोदी ने कहा कि भारत की 'सुधार एक्सप्रेस' रुकेगी नहीं, यह चलती रहेगी। एक दशक पहले दुनिया भारत को टेक्नोलॉजी अपनाने वाले देश के तौर पर देखती थी, लेकिन अब यह देश टेक्नोलॉजी देने वाले के तौर पर उभर रहा है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में बिहार का विजन, मखाना बोर्ड से ग्लोबल टूरिज्म हब तक का ब्लूप्रिंट
भारत टिकाऊ भविष्य के लिए इनोवेशन कर रहा है। भारत दुनिया के लिए इनोवेशन कर रहा है। इनोवेशन देश के डीएनए में है। भारत दुनिया में समाधानों के उपभोक्ता के तौर पर नहीं, बल्कि समाधानों में योगदान देने वाले के तौर पर उभरा है।
पीएम मोदी ने कहा, 'दुनिया भर के अलग-अलग देश एक-दूसरे के साथ व्यापार करते हैं। रणनीतिक साझेदारी करते हैं, लेकिन कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जो आपसी हितों के अलावा एक साझा सोच (विजन) से भी प्रेरित होते हैं। भारत-फ्रांस के संबंध ऐसे ही रिश्तों में से एक हैं।'
'दोनों मिलकर खोज रहे वैश्विक चुनौतियों का समाधान'
दोनों देशों के संबंधों पर पीएम मोदी ने यह भी कहा कि इस रिश्ते में जुड़ाव, भरोसा, इनोवेशन, प्रेरणा, साझा मूल्य और साझा विजन है। इसी रिश्ते की नींव पर हमने पिछले कुछ वर्षों में मिलकर नई पहल शुरू की हैं और नए विचारों को आगे बढ़ाया है। हमने वैश्विक चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए भी हर संभव प्रयास किया है। चाहे वह इंटरनेशनल सोलर अलायंस हो, एआई से जुड़ी बातचीत हो या सुरक्षा से सस्टेनेबिलिटी तक हमारी साझेदारी हो। दोनों देशों ने मानवता से जुड़ी चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए मिलकर काम किया है। इस साल फरवरी में 'भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर' की शुरुआत हुई थी। मुझे खुशी है कि आज हम फ्रांस के साथ मिलकर 'भारत इनोवेट्स' का उद्घाटन कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में बिहार का विजन, मखाना बोर्ड से ग्लोबल टूरिज्म हब तक का ब्लूप्रिंट
ऊर्जा के क्षेत्र में भारत और फ्रांस साथ
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत को इनोवेशन का देश बताया। उन्होंने कहा, 'भारत और फ्रांस एक सच्ची साझेदारी और सहयोगी एआई में आपसी सम्मान पर भरोसा करते हैं। जलवायु और ऊर्जा के क्षेत्रों में फ्रांस और भारत मिलकर इनोवेशन कर रहे हैं। परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में हम स्मॉल मॉड्यूलर रिएक्टर्स जैसे प्रोजेक्ट्स और टेक्नोलॉजी पर मिलकर काम कर रहे हैं।
मैक्रों ने कहा कि भारत ग्लोबल इनोवेशन में सबसे आगे है। उन्होंने भारत के स्पेस सेक्टर का उदाहरण दिया और कहा चंद्रयान-3 मिशन के जरिए चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने का कारनामा रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया। इससे भारत की ताकत और इनोवेशन की क्षमता का पता चलता है।
पीएम मोदी का स्वागत करना सम्मान की बात: मैक्रों
मैक्रों ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीस में आपका स्वागत करना हमारे लिए बहुत सम्मान की बात है। कुछ महीने पहले हमने मुंबई में मिलकर 'फ्रांस-भारत इनोवेशन वर्ष' की शुरुआत की थी। सवाल यह नहीं था कि भारत इनोवेशन कर रहा है या नहीं, बल्कि यह था कि भारत के साथ मिलकर इनोवेशन कौन करेगा... प्रधानमंत्री, मैं आपकी इस यात्रा के लिए आपको बधाई देना चाहता हूं।
मैंक्रों ने आगे कहा कि कुछ ही दिन पहले आप आजादी के बाद से भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बने हैं। यह एक लंबा सफर रहा है, जो आपके पक्के इरादे और आपके देश की मजबूती को दिखाता है। यह वाकई बहुत शानदार है। इसलिए हमें बहुत गर्व है कि आप हमारे बीच यहां मौजूद हैं।