अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच पांचवें दिन भीषण जंग जारी है। इजरायली वायु सेना ने तेहरान में ईरानी सरकार के ठिकानों पर व्यापक बमबारी की। टाइम्स ऑफ इजरायल की खबर के मुताबिक इजरायली वायु सेना के एफ-35आई लड़ाकू विमान ने तेहरान के आसमान में रूसी निर्मित ईरानी याक-130 विमान को मार गिराया। यह पहली बार है जब किसी एफ-35 ने किसी मानवयुक्त विमान को निशाना बनाया है।
उधर, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कोर (IRGC) ने बुधवार को ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस के एक और चरण का ऐलान किया। उसकी ग्राउंड फोर्सेज ने बुधवार को तीन बड़े अभियान की शुरुआत की। आईआरजीसी के मुताबिक उसकी जमीनी सेना ने इलाके में स्थित अमेरिकी ठिकानों पर 230 से अधिक अटैक ड्रोन से हमला किया।
यह भी पढ़ें: 'हम और क्या करते?' ईरान ने UAE, बहरीन पर हमला करने की वजह बता दी
आईआरजीसी ने कुवैत और इराक के इरबिल में स्थित अमेरिकी ठिकानों पर दर्जनों ड्रोन से एक साथ हमला किया। इसके अलावा उत्तरी इराक में स्थित कई अन्य ठिकानों को भी नष्ट करने का दावा किया। बहरीन में अमेरिकी एयरबेस को नष्ट बनाने और कमांड सेंटर को तबाह करने की बात कही है। आईआरजीसी का दावा है कि उसके हमले में अब तक 680 से अधिक अमेरिकी सैनिक हताहत हुए हैं।
ईरानी मिसाइलों ने बरपाया कहर
इजरायल में ईरानी मिसाइलों ने भीषण तबाही मचाई है। पिछले 24 घंटे में 219 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हालांकि इनमें 198 लोगों की स्थित ठीक है। सात लोगों की स्थिति नाजुक है। इजरायल और ईरान के बीच शनिवार यानी 28 फरवरी को जंग की शुरुआत हुई थी। तब से अब तक 1274 इजरायलियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लेबनान में भी बमबारी
ईरान के अलावा इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ भी अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। बेरुत में राष्ट्रपति भवन के पास हिजबुल्लाह के ठिकानों पर सटीक एयर स्ट्राइक की। अब तक 11 लोगों की मौत की खबर है। इजरायली सेना ने बुधवार को दक्षिण लेबनान के 13 गांवों और कस्बों को तुरंत खाली करने का आदेश दिया है।
यह भी पढ़ें: जहां चुना जा रहा था ईरान का सुप्रीन नेता, इजरायल ने उसी बिल्डिंग को उड़ा दिया
युद्ध जारी रहेगा: ईरान
युद्ध के बीच ईरान ने अमेरिका से बातचीत न करने की बात कही है। उसका कहना है कि युद्ध जारी रहेगा। सरकारी टीवी से बातचीत में दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के एक वरिष्ठ सहयोगी मोहम्मद मुखबेर ने कहा कि ईरान को अमेरिकियों पर कोई भरोसा नहीं है और हमारे पास उनके साथ किसी भी प्रकार की बातचीत का कोई आधार नहीं है। हम जब तक चाहें युद्ध जारी रख सकते हैं।