इजरायल अंतरिक्ष से हमला करने वाले हथियार बनाएगा। रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने यह एलान किया। उनका कहना है कि अंतरिक्ष में इजरायल की बढ़ती क्षमता भविष्य के संघर्षों में इजरायल को बढ़त देगी। वहीं इजरायल के सैटेलाइटों पर दुश्मनों के हमलों को रोकने में भी मदद मिलेगी। इजरायल का रक्षा मंत्रालय भारी भरकम बजट की व्यवस्था करने में जुटा है, ताकि अंतरिक्ष में इजरायल की बादशाहत कायम की जा सके।
प्लान के मुताबिक इजरायल अंतरिक्ष में सैटेलाइट डिफेंस सिस्टम विकसित करेगा, ताकि दुश्मन उसके सैटेलाइट को निशाना न बना सके। इसके अलावा उन हथियारों का भी विकास किया जाएगा, जो अंतरिक्ष से पृथ्वी पर सटीक मार करने की क्षमता रखते हो। इजरायल के रक्षा अनुसंधान और विकास निदेशालय (MAFAT) ने रक्षा विभाग और रक्षा उद्योग को एक प्लान भेजने की तैयारी में है।
यह भी पढ़ें: बिहार में बढ़ा गंगा का जलस्तर, सम्राट चौधरी ने की फरक्का के गेट खोलने की मांग
इजरायल के अंतरिक्ष प्लान का बजट अलग होगा। इसमें सैटेलाइटों की रक्षा, अंतरिक्ष से हमला, निगरानी, अंतरिक्ष में खुफिया जानकारी जुटाना और संचार सिस्टम को उन्नत बनाना शामिल है। प्लान का मकसद अंतरिक्ष में इजरायल की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करना है।
इजरायल काट्ज ने बताया कि इसका पहला लाभ यह होगा कि आईडीएफ अंतरिक्ष से सटीक जानकारी जुटाने में सक्षम होगी। हर मौसम, 24 घंटे व एक साथ कई स्थानों पर संचालन संभव होगा। बजट का एक हिस्सा आक्रामक अंतरिक्ष कार्यक्रम और इजरायल के सैटेलाइटों की रक्षा के लिए रिजर्व होगा।
यह भी पढ़ें: लाल सागर में सऊदी अरब के टैंकर पर मिसाइल से हमला, मेन डेक पर लगी भीषण आग
इस बजट की सहायता से ऐसे हथियारों को विकसित किया जाएगा, जो इजरायल के सैटेलाइटों की सुरक्षा करेंगे। इसके अलावा अंतरिक्ष से धरती पर हमला करने वाले हथियारों को विकसित किया जाएगा, ताकि इजरायल की न केवल रक्षा की जा सके, बल्कि दुश्मनों पर भी हमला किया जा सके।
रक्षा मंत्री इसरायल काट्ज का कहना है कि अंतरिक्ष क्षेत्र में एक बड़े और तीव्र अपग्रेडेशन की जरूरत है, ताकि दुश्मन देशों पर बढ़त हासिल की जा सके और इजरायल को अंतरिक्ष क्षेत्र में दुनिया के पांच अग्रणी देशों में स्थान दिया जा सके।