भगोड़े कारोबारी विजय माल्या की बर्थडे पार्टी का एक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो ललित मोदी ने बनाया है, जो खुद भी भगोड़े अपराधी हैं। इस वीडियो में ललित मोदी ने भारत पर तंज कसते हुए खुद को और माल्या को 'सबसे बड़ा भगोड़ा' बताया है।
यह वीडियो विजय माल्या की बर्थडे पार्टी का है, जो लंदन में हुई थी। माल्या ने 18 दिसंबर को ही अपना 70वां जन्मदिन मनाया है। यह वीडियो ललित मोदी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है।
विजय माल्या को 2019 में भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। वह भागकर ब्रिटेन चले गए थे। वहीं, ललित मोदी आईपीएल के कमिश्नर रहे हैं। आईपीएल में भ्रष्टाचार और टैक्स चोरी का मामला सामने आने के बाद 2010 में वह ब्रिटेन चले गए थे। दोनों को ही अदालतों ने भगोड़ा घोषित कर रखा है।
यह भी पढ़ें-- Swiggy हो या PhonePe, हजारों करोड़ का है घाटा, ये कंपनियां बंद क्यों नहीं होतीं?
'हम भारत के सबसे बड़े भगोड़े'
लंदन में विजय माल्या की बर्थडे पार्टी में बनाए गए इस वीडियो में ललित मोदी कहते हैं, 'हम दो भगोड़े हैं, भारत के सबसे बड़े भगोड़े।'
इस वीडियो को पोस्ट करते हुए ललित मोदी ने कैप्शन में लिखा, 'मुझे इंटरनेट पर फिर से ऐसा करने दो जिससे हंगामा मच जाए। आप लोगों के लिए कुछ। जलन से अपना दिल जलाओ।'

वीडियो में विजय माल्या अपनी पार्टनर पिंकी लालवानी के साथ मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। ललित मोदी का यह वीडियो उस पोस्ट के बाद आया है, जिसमें सेंट्रल लंदन में उनके घर पर प्री-बर्थडे पार्टी की झलकियां दिखाई गई थीं।
पिछली पोस्ट में उन्होंने लिखा था, 'मेरे प्यारे दोस्त विजय माल्या के लिए मेरे घर पर एक शानदार सेलिब्रेशन हुआ, जिसमें दुनिया के कोने-कोने से उनके दोस्त और परिवार वाले आए थे। किंग ऑफ गुडटाइम्स ने एक और मील का पत्थर हासिल किया- उनका 70वां जन्मदिन। उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं।'
विजय माल्या की बर्थडे पार्टी की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उसमें दिख रहा है कि कई हाई प्रोफाइल हस्तियां इसमें शामिल हुई थीं। बर्थडे पार्टी में शामिल होने वालों में ब्रिटिश एक्टर इदरीस एल्बा और बायोकॉन की फाउंडर किरण मजूमदार-शॉ भी शामिल थीं।
यह भी पढ़ें-- क्या हैं SEBI के नियम जिनके चलते नप गए नसीरुद्दीन अंसारी? समझिए पूरा मामला
भगोड़े अपराधी हैं माल्या और मोदी
ललित मोदी और विजय माल्या दोनों पर भारत में वित्तीय धोखाधड़ी के आरोपों को लेकर केस चल रहा है। दोनों को भगोड़ा घोषित किया जा चुका है। हालांकि, दोनों ही अपने ऊपर लगे आरोपों को नकारते रहे हैं।
विजय माल्या 2016 से ब्रिटेन में रह रहे हैं। उन्होंने वहां की हाई कोर्ट में दो याचिकाएं दायर की हैं, जिसमें एक उस आदेश को चुनौती दी गई है, जिसमें उन्हें भगोड़ा घोषित किया गया है। माना जाता है कि विजय माल्या फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। माल्या के खिलाफ प्रत्यर्पण की कार्यवाही अभी शुरुआती स्टेज में है।
विजय माल्या को जनवरी 2019 में मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया गया था। मार्च 2016 में वह भारत छोड़कर चले गए थे।
वहीं, ललित मोदी 2010 में टैक्स चोरी, मनी लॉन्ड्रिंग और IPL से जुड़े प्रॉक्सी ओनरशिप से जुड़े आरोपों के बीच भारत छोड़कर चले गए थे। ED का दावा है कि ललित मोदी ने 2009 में IPL के ब्रॉडकास्ट राइट्स देने की प्रक्रिया में हेराफेरी की थी और इसके बदले में कथित तौर पर 125 करोड़ रुपये की रिश्वत ली थी।