शनिवार को लॉस एंजेलिस के ईस्ट हॉलीवुड में सांता मोनिका बुलेवार्ड में एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक गाड़ी ने भीड़ में टक्कर मार दी, जिससे 30 से अधिक लोग घायल हो गए। यह जानकारी लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट ने मीडिया को बताया।
फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, इस हादसे में पांच लोगों की हालत बेहद गंभीर है। इसके अलावा, 8 से 10 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि 10 से 15 अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया, जहां कुछ लोगों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
यह भी पढ़ेंः '5 फाइटर जेट गिरे थे', भारत-पाक संघर्ष पर अब ट्रंप क्या बोले?
घायलों को अस्पताल पहुंचाया
लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट ने बताया, 'ईस्ट हॉलीवुड में एक गाड़ी ने भीड़ में टक्कर मार दी, जिसके कारण 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।' आपातकालीन सेवाओं ने तुरंत कार्रवाई की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां इस मामले की तहकीकात कर रही हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गाड़ी चालक ने जानबूझकर ऐसा किया या यह एक दुर्घटना थी। अधिकारियों ने हादसे की वजह और चालक की पहचान के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। जांच जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसा कैसे और क्यों हुआ।
भयानक था हादसा
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयानक था कि लोग चीखने-चिल्लाने लगे। कुछ घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को विशेष देखभाल के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
यह भी पढ़ें: क्या है TRF, जिसे USA ने माना आतंकी; इसका असर क्या होगा?
अधिकारियों ने लोगों से कहा है कि वे इस क्षेत्र में अनावश्यक यात्रा से बचें ताकि जांच और राहत कार्य सुचारू रूप से चल सकें। इस घटना के बाद सांता मोनिका बुलेवार्ड का कुछ हिस्सा बंद कर दिया गया है।