पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक बड़ा धमाका हुआ है। पाकिस्तान मीडिया के मुताबिक अभी तक 16 लोगों की जान गई है। इनमें पांच पुलिसकर्मी है। यह धमाका कोहाट जिले में हुआ है। यहां उग्रवादियों ने विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी मस्जिद से भिड़ा दी। तेज धमाके से पूरा इलाका थर्रा उठा। शुक्रवार की नमाज के कारण मस्जिद में भीड़ थी। अभी तक 16 लोगों की मौत की खबर है। 50 से अधिक लोग घायल हैं। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और खैबर पख्तूनख्वा के सीएम सोहेल अफरीदी ने घटना पर एक विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। प्रांत के राज्यपाल फैसल करीम कुंडी ने धमाके पर गहरा दुख जताया।
यह भी पढ़ें: अवैध खनन के आरोप में पकड़े गए, कस्टडी में ही चली गई 37 लोगों की जान
कोहाट पुलिस लाइन में हुआ धमाका
सोशल मीडिया पर धमाके के कई वीडियो प्रसारित हैं। इनमें एक बड़ा धमाका और उसके बाद मची तबाही दिख रही है। एक इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है। सड़क और मलबे में लोग पड़े हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों और मृतकों को निकाला जा रहा है। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक यह धमाका कोहाट पुलिस लाइन में स्थित एक मस्जिद में हुआ है।
विस्फोटक से लदी गाड़ी भिड़ाई, खुद को उड़ाया
खैबर पख्तूनख्वा के आईजी के जुल्फिकार हमीद के मुताबिक हमलावर ने सबसे पहले इमारत के गेट को निशाना बनाया। कुछ हमलावर आतंकवाद रोधी विमान और विशेष शाखा की तरफ बढ़े। आईजी ने इन हमलावरों को मार गिराने का दावा किया। उन्होंने आगे बताया कि विस्फोटक से भरी एक गाड़ी को हमलावरों ने पुलिस लाइन स्थित मस्जिद से भिड़ा थी। एक आत्मघाती हमलावर ने स्पेशल ब्रांच की इमारत के पास खुद को उड़ा लिया।
यह भी पढ़ें: रूस-ईरान पर बैन के लिए क्या कानून बना बैठे डोनाल्ड ट्रंप, भारत पर असर क्या?
किसने किया धमाका
पाकिस्तान पुलिस ने हमलावरों की पहचान फितना अल ख्वारिज के आतंकवादियों के तौर पर बताई है। इस शब्द का इस्तेमाल तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के लिए किया जाता है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में मौजूद अन्य हमलावरों के साथ मुठभेड़ जारी है। रुक-रककर फायरिंग की आवाज आ रही है। आईजी ने एलान किया है कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक कि फितना-उल-ख्वारिज का पूरी तरह से खात्मा नहीं हो जाता।