पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर एक फिर एयर स्ट्राइक की। अबकी बार कुनार और हेलमंद प्रांतों को निशाना बनाया है। तालिबान सरकार का कहना है कि पाकिस्तानी हमले में बच्चों और महिलाओं समेत 9 लोगों की जान गई और 11 अन्य लोग घायल हुए हैं। इस्लामाबाद की ताजा हरकत से दोनों देशों के बीच संघर्ष बढ़ने का खतरा बढ़ गया है।
पिछले महीने पाकिस्तान ने 21 सितंबर को एयर स्ट्राइक की थी। कुनार और पक्तिका में हुए हमलों में तीन लोगों की जान गई थी। तीन दिन बाद 24 सितंबर को 10 स्थानों पर पाकिस्तान सेना ने हमला किया। कंधार, पक्तिया और खोस्त प्रांतों में चार लोगों की मौत हुई थी। 10 दिन के भीतर यह तीसरी बार है जब पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर हमला किया है।
यह भी पढ़ें: 'असली हीरो हैं कैप्टन स्मित', PM मोदी, नेतन्याहू और डोनाल्ड ट्रंप ने की तारीफ
22 सशस्त्र लड़ाकों को मारा: पाकिस्तान
गुरुवार को ताजा एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने एक बयान जारी किया। बताया गया कि अफगानिस्तान में हथियारबंद गुटों के ठिकानों को तबाह किया गया है। कम से कम 22 लड़ाकों को मारा गया है।
महिला-बच्चों समेत 9 की मौत: अफगानिस्तान
तालिबान के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद का कहना है कि पाकिस्तान ने कुनार और हेलमंद प्रांत पर हमला किया। इसमें महिलाओं और बच्चों समेत नौ अफगान नागरिकों की जान गई। 11 अन्य लोग घायल हैं।
पाकिस्तान का दावा- गोला-बारूद तबाह
पाकिस्तान ने बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के ठिकानों और गोला-बारूद को तबाह करने का दावा किया। बीएलए ने बलूचिस्तान में पाकिस्तान सेना की नाक में दम कर रखा है। उधर, टीटीपी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में टीटीपी बेहद सक्रिय है।
यह भी पढ़ें: 'भीगी बिल्ली बनने में देर नहीं लगती', CM योगी ने किया यूपी पुलिस का बचाव
टीटीपी को पनाह देने का आरोप
पाकिस्तान का आरोप है कि काबुल की तालिबान सरकार टीटीपी को पनाह देती है। हालांकि अफगानिस्तान इन आरोपों का खंडन करता है। 2022 में पाकिस्तान सरकार और टीटीपी के बीच सीजफायर टूटने के बाद से संघर्ष तेज हुआ है।
इस्लामाबाद ने शुरू किया एयर स्ट्राइक का चलन
पिछले कुछ वर्षों से पाकिस्तान ने आतंकी हमले के बदले अफगानिस्तान में एयर स्ट्राइक शुरू करने का चलन शुरू किया। मगर यह बेहद जोखिम भरा है। पिछले साल और हलिया एयर स्ट्राइक के बाद अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी झड़प हुई। पाकिस्तान के इन हमलों के कारण खतरा व्यापक संघर्ष छिड़ने का है। अफगानिस्तान के नूरिस्तान प्रांत में हाल ही में भीषण झड़प हुई। तालिबान का आरोप है कि दर्जनों हथियारबंद लोग अफगानिस्तान की सीमा में घुसे। झड़प के बाद तालिबान ने 28 लड़ाकों को मार गिराने का दावा किया।